मुख्य सामग्री पर जाएँ

E-PAPER · ई-पेपर

टाइम्स ऑफ़ राजस्थान ई-पेपर — बुधवार, 28 अक्टूबर 2026

राजस्थान संस्करण · 8 पृष्ठ

सभी पुराने अंक →
जयपुर
राजस्थान संस्करण
ई-पेपर
पृष्ठ 1

जयपुर

पंचायतीराज आम चुनाव-2026 का द्वितीय चरण कोटपूतली से शुरू, 28 व 30 अक्टूबर को मतदान

पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण में मतदान दल जिला निर्वाचन अधिकारी अपर्णा गुप्ता की उपस्थिति में राजकीय लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) महाविद्यालय, कोटपूतली से रवाना किए गए।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर सोहन सिंह नरुका ने बताया कि मतदान दलों को स्ट्रांग रूम से ईवीएम और अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई और प्रक्रिया को सुचारू एवं पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।

मतदान की तिथियाँ और क्षेत्र

द्वितीय चरण में 28 अक्टूबर को कोटपूतली, पावटा, नारायणपुर और बानसूर की चार पंचायत समितियों में सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य पदों के लिए मतदान होगा, जबकि 30 अक्टूबर को वही चार पंचायत समितियों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान निर्धारित है।

सभी मतदान सामग्री स्ट्रांग रूम में उपलब्ध करवाई गई और अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को कार्यस्थल पर भेजा गया।

प्रशासनिक निर्देश

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि नियुक्त सभी कार्मिक निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे और स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने में अपनी भूमिका निभाएंगे।

पूरी ख़बर: timesofrajasthan.in ›

राजस्थान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त एक्शन

17 सेवारत अधिकारियों की रोकी 2 से 4 वार्षिक वेतन वृद्धि , 16 सेवानिवृत्त अधिकारियों की पेंशन भी रोकी सुशासन , पारदर्शिता , प्रशासनिक जवाबदेही के लिए की गई कड़ी कार्रवाई

जयपुर , 27 अक्टूबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा अपराध करने या अपराध को बढ़ावा देने के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत राज्य सेवा के अधिकारियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई है। वृहद शास्ति(मेजर पेनल्टी) प्रकरणों के तहत 30 मामलों का निस्तारण करते हुए 17 सेवारत अधिकारियों की वार्षिक वेतन वृद्धियां तथा 16 सेवानिवृत्त अधिकारियों की पेंशन रोकने को मंजूरी दी गई है। इस कार्रवाई से सुशासन , पारदर्शिता , प्रशासनिक जवाबदेही , राजकीय संसाधनों के संरक्षण और लोकसेवा के दायित्वों के प्रति गंभीरता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों से सांठगांठ पर कार्रवाई

सेवारत अधिकारियों के मामलों में आरोपों की गंभीरता के अनुरूप 2 से 4 वार्षिक वेतन वृद्धियां संचयी प्रभाव से रोकने के दण्ड का अनुमोदन किया गया है। जिसके तहत आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों से सांठगांठ तथा अवैध बजरी खनन से जुड़े माफिया से अनुचित लाभ प्राप्त करने के मामले में तत्कालीन वृत्ताधिकारी की 4 वार्षिक वेतन वृद्धियां संचयी प्रभाव से रोकने को मंजूरी दी गई।

समुचित अनुसंधान नहीं करने के मामले में तत्कालीन पुलिस निरीक्षक , सहायक उप निरीक्षक एवं कॉन्स्टेबल सहित संबंधित पुलिस टीम के अधिकारियों की लापरवाही प्रमाणित होने पर 3 अधिकारियों के विरुद्ध वार्षिक वेतन वृद्धियां रोकी गई हैं। वहीं , मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों से निकटता रखने , मिलीभगत करने तथा इनामी अपराधियों को गिरफ्तार नहीं करने के मामले में तत्कालीन वृत्ताधिकारी एवं कॉन्स्टेबल की 2-2 वार्षिक वेतन वृद्धियां रोकी गई हैं।

राजकीय संसाधनों के अनुचित उपयोग पर एक्शन

राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के कार्यों के निरीक्षण एवं संधारण में लापरवाही बरतने वाले राजस्थान प्रशासनिक सेवा के एक अधिकारी की भी वार्षिक वेतन वृद्धियां रोकी गई हैं। वहीं , चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में स्वेच्छा से लंबे समय तक अनुपस्थित रहने के 3 प्रकरणों में संबंधित चिकित्सा अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इसी प्रकार गलत ब्लड इश्यू करने के गंभीर मामले में एक चिकित्सा अधिकारी की 2 वार्षिक वेतन वृद्धियां रोकी गई हैं। वहीं , श्रम , उद्यान एवं सचिवालय सेवा के अधिकारियों के विरुद्ध भी आरोप प्रमाणित होने पर नियमानुसार दण्डात्मक कार्रवाई का निर्णय लिया गया है।

गंभीर वित्तीय अनियमितताओं पर रोकी गई पेंशन

सेवानिवृत्त अधिकारियों के मामलों में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं पर भी कड़ी कार्रवाई की गई। इसके तहत राजस्थान लेखा सेवा के एक सेवानिवृत्त अधिकारी द्वारा निजी कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए राजकीय अभिलेखों में कांट-छांट करने तथा राज्य सरकार को भारी आर्थिक हानि पहुंचाने का आरोप प्रमाणित होने पर देय पेंशन का शत-प्रतिशत भाग स्थायी रूप से रोकने की कार्रवाई की गई है।

राजस्थान प्रशासनिक सेवा के 2 सेवानिवृत्त अधिकारियों के विरुद्ध आवासीय एवं वाणिज्यिक भूखंडों को कृषि भूमि दर्शाकर राज्य सरकार को वित्तीय हानि पहुंचाने तथा अवैध भू-रूपांतरण के मामलों में 20 प्रतिशत पेंशन राशि 5 वर्ष तक रोकी गई है। इसी प्रकार , पंचायत समिति के कार्यों में बिना कार्य के फर्जी भुगतान करने तथा राजकोष को नुकसान पहुंचाने के प्रकरण में एक विकास अधिकारी एवं सहायक अभियंता को भी दण्डित किया गया है। इसके अलावा चिकित्सा-स्वास्थ्य , सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता , खनिज , कॉलेज शिक्षा तथा देवस्थान विभाग से संबंधित मामलों में भी कड़ी कार्रवाई की गई है।

राज्य सरकार द्वारा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण , नियंत्रण एवं अपील) नियम , 1958 के नियम 16 के अंतर्गत 8 प्रकरणों में आरोप प्रमाणित नहीं होने पर अधिकारियों के दोषमुक्ति के प्रस्तावों का भी अनुमोदन किया गया है।

ब्रजेश

पूरी ख़बर: timesofrajasthan.in ›

क्राइम

नशा तस्करों पर राजस्थान पुलिस का बड़ा प्रहार , 26 अक्टूबर तक 8,842 आरोपी गिरफ्तार

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत व्यापक कार्रवाई एक दिवसीय विशेष अभियान में 262 प्रकरण दर्ज , 278 आरोपी गिरफ्तार , 2.91 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त प्रदेश में अब तक 1,244.20 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद , 30.25 करोड़ रुपये की संपत्तियों पर कार्रवाई

जयपुर , 27 अक्टूबर। राजस्थान को नशा मुक्त बनाने और मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए राजस्थान पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत गत 26 अक्टूबर तक मादक पदार्थों से संबंधित 7,695 प्रकरण दर्ज कर 8,842 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस अवधि में 220 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार करने के साथ 335 हॉटस्पॉट पर छापेमारी की गई। पुलिस ने मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ-साथ तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की है।

इसी क्रम में 26 अक्टूबर को प्रदेशभर में एक दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 262 प्रकरण दर्ज कर 278 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान में 8 सरगनाओं एवं तस्करों को चिह्नित किया गया तथा 6 हॉटस्पॉट पर कार्रवाई की गई। व्यापक जांच अभियान के तहत 3,496 स्थानों की जांच की गई।

एक दिवसीय अभियान में नशे के 278 तस्कर-आरोपी गिरफ्तार , 2.91 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त

अभियान के दौरान 4 लाख 98 हजार 105 रुपये नकद जब्त किए गए। बरामद मादक पदार्थों का अनुमानित मूल्य 2 करोड़ 91 लाख 18 हजार 247 रुपये है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 15 वाहन और 8 मोबाइल फोन भी जब्त किए।

अब तक 8,842 गिरफ्तार , 7,695 प्रकरण दर्ज

आंकड़ों के अनुसार 26 अक्टूबर 2026 तक मादक पदार्थों से संबंधित 7,695 प्रकरण दर्ज किए गए और 8,842 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त फरार , हिस्ट्रीशीटर एवं इनामी श्रेणी के 220 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इस अवधि में 335 हॉटस्पॉट पर छापेमारी की गई।

1,244.20 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद—

कुल कार्रवाई के दौरान राजस्थान पुलिस ने 1,010.55 किलोग्राम अफीम , 131.46 टन डोडा पोस्त और 274.13 किलोग्राम एमडी बरामद की। आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में बरामद मादक पदार्थों का कुल मूल्य 1,244.20 करोड़ रुपये है।

नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लक्षित कार्रवाई करते हुए 35 एमडी फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया गया तथा अवैध खेती के विरुद्ध 144 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस अवधि में 2,125 वाहन जब्त किए गए।

तस्करों की अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई—

राजस्थान पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी अवैध संपत्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की है। 26 अक्टूबर तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार संपत्ति संबंधी कार्रवाई के तहत 250 मामलों में 75 संपत्तियों पर कार्रवाई की गई। इनसे संबंधित संपत्ति का मूल्य लगभग 30.25 करोड़ रुपये है।

इसके अतिरिक्त एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F के तहत 149 कार्रवाइयां की गईं तथा पीआईटी एनडीपीएस के तहत 101 प्रस्ताव तैयार किए गए। इन कार्रवाइयों का उद्देश्य नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों और इसके आर्थिक नेटवर्क पर अंकुश लगाना है।

3.63 लाख से अधिक नागरिक अभियान से जुड़े—

राजस्थान पुलिस नशे के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता और जनभागीदारी पर भी जोर दे रही है। 26 अक्टूबर तक अभियान से 3,63,547 नागरिकों को जोड़ा गया। इनमें से 3,58,682 नागरिकों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए शपथ ली। इस अवधि में 3,966 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

नशा मुक्त राजस्थान के लिए पुलिस प्रतिबद्ध—

महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में राजस्थान पुलिस का यह अभियान मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने , तस्करी से जुड़े अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से बचाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।

अभियान में परम्परागत कानूनी कार्रवाई , अवैध संपत्तियों पर प्रहार और जनजागरूकता को साथ लेकर नशा मुक्त राजस्थान के लक्ष्य की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। राजस्थान पुलिस का संकल्प है कि नशा मुक्त राजस्थान , सुरक्षित राजस्थान और स्वस्थ युवा के उद्देश्य को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाया जाए।

डॉ. कमलेश/ब्रजेश

पूरी ख़बर: timesofrajasthan.in ›

टोंक

टोंक में जिला परिषद सदस्य चुनाव के लिए 20 मुक्त प्रतीक तय

टोंक में 2026 के जिला परिषद सदस्य चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों को 20 मुक्त चुनाव प्रतीक आवंटित किए गए, जिससे मतदाता उन्हें नाम के साथ पहचान सकें।

निर्वाचन विभाग ने लिफाफा, टेलीविजन, अंगूर, आरी, फव्वारा, हरी मिर्च, टेलीफोन, स्कूल बैग, फूलगोभी, हाथ गाड़ी, गैस चूल्हा, कैंची, जंजीर, हारमोनियम, टॉफियां, सिलाई मशीन, चक्की, आइसक्रीम, साइकिल पम्प और जूता को प्रतीकों की सूची में शामिल किया।

प्रतीकों का प्रचार और चुनौतियाँ

पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार अपने निर्धारित पार्टी चिन्हों के साथ चुनाव लड़ेंगे, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी को अपने नाम के साथ इन मुक्त प्रतीकों को मतदाताओं के मन में स्थापित करना होगा। निर्वाचन विभाग के अनुसार, यह पहचान अभियान घर‑घर जनसंपर्क, छोटी सभाओं और प्रचार सामग्री के माध्यम से किया जाएगा।

प्रत्याशी को यह सुनिश्चित करना होगा कि मतदाता उनके नाम और आवंटित प्रतीक को सही‑सही याद रखें, क्योंकि कई उम्मीदवार एक ही क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं।

मुख्य मुद्दे और मतदान का महत्व

टोंक में सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण सुविधाओं को प्रमुख चुनावी मुद्दों के रूप में उठाया गया है। उम्मीदवार इन विकास वादों के साथ-साथ अपने प्रतीक की पहचान को भी मतदाता के सामने रखेंगे, ताकि मतदान के दिन पहचान में कोई भ्रम न हो।

निर्वाचन विभाग ने कुल 20 मुक्त प्रतीक तय किए। प्रत्याशी को अपने प्रतीक को स्थानीय जनसंपर्क के जरिए उजागर करना होगा। विकास के वादे जैसे सड़क, जल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य प्रमुख चर्चा के विषय हैं।

पूरी ख़बर: timesofrajasthan.in ›

जयपुर

सचिवालय में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर शुरू, अध्यक्ष अभिमन्यु शर्मा ने किया शुभारंभ

जयपुर। राजस्थान सचिवालय में कार्यरत कार्मिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए राजस्थान सचिवालय सेवा अधिकारी संघ की ओर से आयोजित दो दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सोमवार को शुभारंभ हुआ। संघ के अध्यक्ष अभिमन्यु शर्मा ने शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर संघ की कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। पूर्व अध्यक्ष महेश व्यास, कजोड़मल मीणा सहित अन्य नेताओं ने भी शुभारंभ कार्यक्रम में शिरकत की।

HDFC बैक के सौजन्य से आयोजित शिविर के पहले दिन सचिवालय के कार्मिकों की आई चेकअप ,ब्लड प्रेशर, शुगर, ब्लड सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें की गईं। शिविर में चिकित्सा विशेषज्ञों और पैरामेडिकल स्टाफ ने अपनी सेवाएं दीं। आयोजकों के अनुसार, यह शिविर कार्मिकों को कार्यस्थल पर ही स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं

शिविर में अग्रवाल आई हॉस्पिटल और इंटर्नल हॉस्पिटल के चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने भा कार्मिकों को स्वास्थ्य संबंधी जांच के साथ आवश्यक परामर्श भी उपलब्ध कराया गया। शिविर में आंखों सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच और

मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई।

एचडीएफसी बैंक ने बताईं विभिन्न योजनाएं

शिविर के साथ आयोजित ऋण मेले में एचडीएफसी बैंक की शाखा प्रबंधक सहित बैंक के पूरे स्टाफ ने भाग लिया। बैंक अधिकारियों ने सचिवालय के कार्मिकों को बैंक की विभिन्न योजनाओं, ऋण सुविधाओं और संबंधित सेवाओं के बारे में जानकारी दी। इसका उद्देश्य कार्मिकों को उपलब्ध बैंकिंग सुविधाओं से अवगत कराना और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाओं की जानकारी प्रदान करना रहा।

बुधवार को भी जारी रहेगा शिविर

राजस्थान सचिवालय सेवा अधिकारी संघ की ओर से आयोजित यह शिविर 28 अक्टूबर को भी जारी रहेगा। शिविर का समय सुबह 11 बजे से शाम 5:30 बजे तक निर्धारित है। इसका आयोजन शासन सचिवालय परिसर स्थित ओल्ड डिस्पेंसरी के सामने रिक्त स्थान पर किया जा रहा है।

संघ ने सचिवालय के कार्मिकों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा का लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।

पूरी ख़बर: timesofrajasthan.in ›

अजमेर

अजमेर के केसरगंज में दयानन्द बाल सदन के फर्श निर्माण का शुभारम्भ

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने मंगलवार, 27 अक्टूबर को अजमेर जिले के केसरगंज में स्थित दयानन्द बाल सदन के बालगृह में विधायक कोष से 10 लाख रुपये की लागत से फर्श निर्माण एवं जीर्णाेद्धार कार्य का शुभारम्भ किया।

इस कार्य के पूर्ण होने से बालगृह में निवासरत बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी रहने की स्थिति में सुधार होगा।

दयानन्द बाल सदन की भूमिका

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि दयानन्द बाल सदन देश की पुरानी सेवाभावी संस्थाओं में से एक है, जो अनाथ, निराश्रित और असहाय बच्चों का निःशुल्क पालन‑पोषण, शिक्षा और संस्कार प्रदान करती है।

संस्था के माध्यम से कई बच्चों को आत्मनिर्भर और समाजोपयोगी नागरिक बनाने में मदद मिल रही है, और इस प्रकार के कार्य को उन्होंने सराहनीय कहा।

शिक्षा क्षेत्र में सरकार की प्रतिबद्धता

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने, विद्यालयों में भवन, अतिरिक्त कक्षा‑कक्ष, प्रयोगशालाएँ, खेल सुविधाएँ आदि के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा मिल सके।

पूरी ख़बर: timesofrajasthan.in ›

संक्षेप में

राज्यपाल बागड़े ने नीमराणा में विभागीय योजनाओं की व्यापक समीक्षा की

राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागड़े ने राजस्थान पुलिस के लिए 30 मोटरसाइकिलों को दिखाई झंडी

पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के मतदान दिवस पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में रहेगा सार्वजनिक अवकाश

बूंदी में पंचायती राज चुनाव 2026 की ईवीएम मशीनों का प्रथम रेंडमाइजेशन पूरा

बारां में पंचायती राज चुनाव के लिए ईवीएम का द्वितीय रेंडमाइजेशन पूरा

पूर्ण गंभीरता और जिम्मेदारी से कार्य करें निर्वाचन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी , मतदान केन्द्रों पर चाक-चैबंद रहें सभी व्यवस्थाएं

टाइम्स ऑफ़ राजस्थान · मुख्य पृष्ठबुधवार, 28 अक्टूबर 2026 · पृष्ठ 1

किसी भी ख़बर पर क्लिक करके उसे पढ़ें

राजस्थान री बात

हर दिन मरुधरा की एक कहावत, एक सबद, एक ज़िलो

आज री कहावत

“पाणी पीजे छाण कर, गुरु कीजे जाण कर”

पानी छानकर पियो और गुरु सोच-समझकर बनाओ।

आज रो सबद

मनवार

मेहमान को प्रेम से आग्रह करके खिलाना-पिलाना

आज रो ज़िलो

चित्तौड़गढ़

  • चित्तौड़गढ़ किला
  • विजय स्तंभ
  • मीरा बाई

मेळा-तेवार

इस महीने: पुष्कर मेला, बूंदी उत्सव

कुंभलगढ़ महोत्सव

राजसमंद · दिसंबर

राजस्थान दर्शन →