पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में तीसरे एवं चौथे चरण के निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े रिटर्निंग अधिकारियों, तहसीलदारों एवं खंड विकास अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी चुनावी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या आचार संहिता का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पंचायतीराज आम चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी संबंधित अधिकारियों का सामूहिक दायित्व है। सभी प्रकोष्ठ प्रभारी एवं अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्वाचन संबंधी दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी से निर्वहन सुनिश्चित करें।
मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करें:- काना राम ने मतदान केंद्रों पर पर्याप्त रोशनी, छाया, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वृद्धजन एवं दिव्यांग मतदाताओं की सुगम पहुंच के लिए रैम्प और व्हीलचेयर की व्यवस्था करने तथा मतदाताओं की सहायता के लिए एनसीसी एवं एनएसएस स्वयंसेवकों की सेवाएं लेने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर बूथ प्रबंधन योजना के अनुसार व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी, कानून-व्यवस्था पर जोर:- बैठक में संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान, सुरक्षा व्यवस्था तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी आदेशों की पालना की समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने, आवश्यक नाकाबंदी एवं जांच बढ़ाने तथा हथियारों और शराब पर नियंत्रण संबंधी कार्रवाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान मतदाताओं में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखना सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
मतदान दलों की रवानगी से सामग्री वापसी तक पुख्ता व्यवस्था के निर्देश:- जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों के ठहरने, भोजन, पेयजल एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था करने के साथ उनके आवागमन के लिए स्पष्ट रूट प्लान तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ईवीएम एवं स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा, निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित परिवहन एवं वापसी तथा संबंधित अधिकारियों के संपर्क विवरण उपलब्ध रखने पर जोर दिया। साथ ही, निर्वाचन संबंधी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए कंट्रोल रूम को नियमित एवं सुचारू रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए।
---000---
