बूंदी जिले में मंगलवार को जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक हुई।
बैठक में जिले की 167 पैक्स को ‘ई‑पैक्स’ घोषित किया गया और पाँच डेयरी समितियों के सचिवों को माइक्रो एटीएम वितरित किए गए।
माइक्रो एटीएम से त्वरित भुगतान
कुंवारती महिला दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के राजेंद्र सैनी, गुवाड़ी दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के शिवचरण बैरागी, खेरुणा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के किशन गोपाल सैनी, खालसा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के गणेश लाल प्रजापत और विजयगढ़ (हिंडोली) दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के परमेश्वर मीणा को माइक्रो एटीएम सौंपे गए।
सहकारिता विभाग के उप रजिस्ट्रार मुकेश मोहन गर्ग ने बताया कि ‘सहकार से समृद्धि’ विजन के तहत जिले की सभी डेयरी समितियों के खाते केंद्रीय सहकारी बैंक में खोले जाएंगे।
सहकारी समिति का गठन और ई‑सेवाएँ
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले की हर ग्राम पंचायत में सहकारी समिति का गठन किया जाएगा।
ई‑सेवाओं को गांव-गांव तक पहुँचाने के लिए 140 पैक्स में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) स्थापित किए जा चुके हैं।
भविष्य में इन सहकारी समितियों को एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरशिप सेंटर, पेट्रोल पंप रिटेल आउटलेट, जन औषधि केंद्र और प्रधान किसान समृद्धि केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा।
