Skip to content

E-PAPER · ई-पेपर

Times of Rajasthan e-paper — 26 October 2026

Rajasthan edition · 7 pages

All past editions →
जयपुर
राजस्थान संस्करण
ई-पेपर
पृष्ठ 1

राजस्थान

70 करोड़ की लागत से बनेगा केन्द्रीय बस स्टैण्ड , एडीए कार्यकारी एजेंसी नियुक्त

विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने ली समन्वय बैठक , बस स्टैण्ड का किया अवलोकन , पीडीकोर ने दिया प्रजेंटेशन , 50 साल की जरूरतों को पूरा करेगा नया स्टैण्ड

जयपुर , 25 अक्टूबर। दीपावली से पहले राज्य सरकार ने अजमेर को बड़ा तोहफा दिया है। करीब 50 साल पहले बने अजमेर के केन्द्रीय बस स्टैण्ड को पुनः निर्मित किया जाएगा। राज्य सरकार ने अजमेर विकास प्राधिकरण को बस स्टैण्ड निर्माण के लिए कार्यकारी एजेंसी बनाया है। करीब 70 करोड़ रूपए की लागत से बस स्टैण्ड को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी की पहल पर तैयार होने वाला यह ड्रीम प्रोजेक्ट आगामी 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा। नए बस स्टैण्ड में आधुनिक सुविधाओं के साथ शहर के सौन्दर्यीकरण और व्यवस्थित यातायात पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रविवार को बस स्टैण्ड के पुनर्विकास को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ पहली समन्वय बैठक की। बैठक में अजमेर विकास प्राधिकरण , परिवहन विभाग , राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) तथा पीडीकोर के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रस्तावित योजना , निर्माण की रूपरेखा , भूमि की उपलब्धता और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर चर्चा की गई। पीडीकोर की ओर से बस स्टैण्ड के नए स्वरूप को लेकर प्रजेंटेशन भी दिया गया।

विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर केन्द्रीय बस स्टैण्ड का विकास शहर की बढ़ती जरूरतों और भविष्य की यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर किया जाएगा। बस स्टैण्ड का नया डिजाइन आधुनिक सुविधाओं के साथ शहर के सौन्दर्यीकरण को भी ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। इसमें गार्डन , आकर्षक स्टैच्यू , बेहतर लाइटिंग और आधुनिक संरचनाओं का समावेश होगा। यात्रियों को सुविधाजनक आवागमन , बेहतर प्रतीक्षालय और व्यवस्थित बस संचालन की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित योजना में हाई-राइज प्लेटफार्म , डिजिटल डिस्प्ले , बसों की रियल टाइम लोकेशन की जानकारी , ई-बस चार्जिंग स्टेशन , डीजल पम्प तथा आधुनिक सुविधाओं से युक्त कार्यालयों की व्यवस्था शामिल होगी। वॉल्वो और एसी बसों सहित विभिन्न शहरों के लिए अलग-अलग प्लेटफार्म विकसित करने की योजना भी बनाई जा रही है। इससे यात्रियों को अपनी बस तक पहुंचने में सुविधा होगी और बसों का संचालन अधिक व्यवस्थित हो सकेगा।

बस स्टैण्ड के पुनर्विकास के तहत वर्तमान वर्कशॉप को जयपुर रोड पर स्थानांतरित किया जाएगा। रोडवेज की ओर से एडीए को कुछ भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। भूमि की उपलब्धता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करेंगे। वर्कशॉप स्थानांतरित होने से बस स्टैण्ड परिसर का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए अधिक स्थान उपलब्ध होगा।

श्री देवनानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस स्टैण्ड के पुनर्विकास की योजना को सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आगे बढ़ाया जाए। निर्माण कार्य में आधुनिक तकनीक , यात्रियों की सुविधा , सुगम यातायात और भविष्य की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि अजमेर के केन्द्रीय बस स्टैण्ड को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने से शहर की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी और अजमेर आने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने रोडवेज बस स्टैण्ड का निरीक्षण भी किया। उन्होंने प्रस्तावित विकास कार्यों के मद्देनजर परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों के साथ आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की।

भानुप्रताप/नितिन

पूरी ख़बर: timesofrajasthan.in ›

जयपुर

राजस्थान में प्राकृतिक एवं योगिक खेती को मिलेगी नई पहचान, कृषि विभाग और ब्रह्माकुमारी संस्थान के बीच ऐतिहासिक समझौता

25 अक्टूबर को आबूरोड स्थित ब्रह्माकुमारी संस्थान के शान्तिवन परिसर में कृषि विभाग और ब्रह्माकुमारी संस्थान के बीच एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए।

कृषि आयुक्त श्री नरेश कुमार गोयल ने कृषि विभाग की ओर से और ब्रह्माकुमारी संस्थान की ओर से कृषि एवं ग्रामीण विकास प्रभाग की अध्यक्ष बीके सरला के प्रतिनिधित्व में यह समझौता संपन्न किया।

प्राकृतिक खेती के प्रशिक्षण और क्षमता संवर्धन की योजना

एमओयू के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में किसानों के लिए प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती से संबंधित प्रशिक्षण शिविर, कार्यशालाएँ, प्रदर्शनियाँ और जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे।

किसानों को मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, जल संरक्षण, जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों और टिकाऊ कृषि प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

कृषि कार्मिकों के लिए भी प्राकृतिक खेती की नवीन तकनीकों और प्रभावी कृषि प्रसार गतिविधियों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे मुख्य प्रशिक्षक तैयार होंगे।

आबूरोड का तपोवन बनेगा योगिक प्राकृतिक खेती का उत्कृष्टता केंद्र

समझौते की एक प्रमुख विशेषता आबूरोड स्थित तपोवन को योगिक प्राकृतिक खेती के उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के रूप में विकसित करना है।

यह केंद्र प्राकृतिक खेती के प्रशिक्षण, प्रदर्शन, अनुसंधान, ज्ञान-विनिमय और क्षमता संवर्धन की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

कृषि अधिकारियों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान

एमओयू के अंतर्गत कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, कार्यक्षमता और सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए राजयोग, ध्यान और अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

समझौते की अवधि और कार्ययोजना

यह समझौता तीन वर्ष के लिए प्रभावी रहेगा, जिसे दोनों पक्षों की आपसी सहमति से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

दोनों पक्षों द्वारा नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे और वार्षिक संयुक्त कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिसमें प्रशिक्षित किसानों और कृषि कार्मिकों की संख्या, आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम और प्राकृतिक खेती अपनाने की प्रगति की समीक्षा शामिल होगी।

पूरी ख़बर: timesofrajasthan.in ›

बीकानेर

बीकानेर में 22,000 किलोग्राम खाद्य तेल की बड़ी सीज

बीकानेर के बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक ही दिन में तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 22,000 किलोग्राम खाद्य तेल सीज किया और कुल छह नमूने जांच के लिये लिये।

आयोग के आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण श्री अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार, अतिरिक्त आयुक्त श्री भगवत सिंह और संयुक्त आयुक्त श्री वी.पी. शर्मा की देखरेख में केंद्रीय खाद्य सुरक्षा दल ने कार्य किया।

सीज किए गए तेल में भ्रामक लेबलिंग का संदेह

सीज किए गए तेल में नेपाल में निर्मित ‘CHOICE’ ब्रांड का सनफ्लावर ऑयल और ‘बाबा रामदेव छाप’ सरसों का तेल शामिल था, जिनकी लेबलिंग एवं प्रचार को भ्रामक माना गया और इसकी जांच जारी है।

दो अन्य प्रतिष्ठानों – मैसर्स नागड़ नारायण एग्रो इंडस्ट्रीज और रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मैसर्स बिशनलाल बाबूलाल की निर्माण इकाई – का भी निरीक्षण कर क्रमशः एक और दो नमूने लिये गये।

उपाय एवं भविष्य की कार्रवाई

निरीक्षण में पाई गई कमियों के संबंध में संबंधित फर्मों को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए जाएंगे, तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

भ्रमित लेबलिंग वाले उत्पादों की जांच जारी डिपावली सीजन में तेल, घी, मावा, मिठाइयों की कड़ी निगरानी उल्लंघन करने पर लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण

पूरी ख़बर: timesofrajasthan.in ›

श्रीगंगानगर

नशामुक्ति और बेहतर स्वास्थ्य के लिए मैराथन में उत्साह से दौड़ा गंगानगर

मैराथन की सभी श्रेणियों में हज़ारों प्रतिभागियों ने की शिरकत, युवाओं के साथ बुजुर्गों ने भी दिखाया जोश प्रतिभागियों को दिलाई नशामुक्ति और मतदान की शपथ

श्रीगंगानगर, 25 अक्टूबर। श्रीगंगानगर के 100वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को फिट गंगानगर सोसायटी श्रीगंगानगर की ओर से आयोजित ‘गंगानगर मैराथन 2026’ में नशामुक्ति और बेहतर स्वास्थ्य के लिए हज़ारों प्रतिभागी उत्साह से दौड़े। मैराथन की 21, 10, 5 किलोमीटर सहित सभी श्रेणियों में हज़ारों प्रतिभागियों ने शिरकत कर स्थापना दिवस को यादगार बना दिया। दौड़ में युवाओं के साथ बुजुर्गों का जोश देखने लायक रहा। आमजन और जिला प्रशासन की सहभागिता के अलावा स्पॉन्सर्स के सहयोग से आयोजन ऐतिहासिक बन पड़ा।

पुलिस लाइन श्रीगंगानगर में अलसुबह पहुंचे प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी श्रेणियों में दौड़ने के लिए रिपोर्टिंग की। संगीत और अभ्यास के बीच सभी प्रतिभागियों को वार्मअप करवाया गया। इसके बाद पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट चंडीगढ़ के माननीय न्यायाधिपति श्री हरमीत सिंह देओल, मेजर जनरल श्री अनुज कालिया (वीएसएम जीओसी), आईजी बीकानेर श्री ओमप्रकाश, जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव, हनुमानगढ़ जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, पुलिस अधीक्षक श्री हरिशंकर, जिला परिषद सीईओ श्री अभिषेक जैन सहित अन्य ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया।

सबसे पहले 21 किलोमीटर, फिर 10 और 5 किलोमीटर के लिए दौड़ करवाई गई। इसके बाद फन रन का आयोजन किया गया, जिसमें अतिथियों के साथ-साथ हजारों प्रतिभागियों ने शिरकत की। उत्साहपूर्वक दौड़ते हुए सभी प्रतिभागी पुलिस लाइन से रवाना होकर निर्धारित स्थल तक पहुंचे। फिनिश लाइन पर पहुंचने के पश्चात सभी प्रतिभागियों को रिफ्रेशमेंट दिया गया। मैराथन के तहत यातयात व्यवस्था और जगह-जगह पानी, चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक इंतजाम भी किए गए। इसके बाद समस्त प्रतिभागियों को श्री विक्रम ज्याणी ने नशामुक्ति और स्वीप समन्वयक श्री रमन कुमार असीजा एवं निर्वाचन आइकॉन श्री शीशपाल लिम्बा द्वारा मतदान की शपथ दिलाई गई। निर्वाचन विभाग के हस्ताक्षर अभियान में भी प्रतिभागियों ने सहभागिता निभाई।

मैराथन में 21 किलोमीटर की दौड़ पूरी करने वाले 75 वर्षीय श्री सुभाष गोदारा सहित अन्य विजेताओं और सहयोगियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। आयोजन में सादुलशहर विधायक श्री गुरवीर बराड़, एडीएम प्रशासन श्री सुभाष कुमार, कदम सतर्कता श्री अश्विन के. पवार, एसडीएम श्री नयन गौतम, एएसपी श्री दीपक शर्मा, फिट गंगानगर सोसायटी के सभी पदाधिकारी, आयोजन के स्पॉन्सर्स, श्री दीपक कुक्कड़, श्री वीरेंद्रपाल सिंह, श्री परमजीत सिंह, श्री अरविंदर सिंह, श्रीमती राजेश रानी, श्रीमती श्वेता छाबड़ा सहित समस्त जिला प्रशासन की सहभागिता रही। उद्यान विभाग की उपनिदेशक श्रीमती प्रीति गर्ग और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के श्री विक्रम ज्याणी ने मंच संचालन किया। (फ़ोटो सहित)

पूरी ख़बर: timesofrajasthan.in ›

श्रीगंगानगर

शिवपुर हैड पर पूजा-अर्चना और स्वागत-सत्कार कार्यक्रम 26 अक्टूबर को

श्रीगंगानगर, 25 अक्टूबर। गंगानगर स्थापना दिवस-2026 के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन जारी है। स्थापना दिवस कार्यक्रमों की कड़ी में 26 अक्टूबर को सुबह शिवपुर हैड पर पूजा-अर्चना कार्यक्रम और शाम को सूरतगढ में “एक शाम धोरों के नाम” कार्यक्रम सायं 4 बजे से आरम्भ होगा।

जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने बताया कि गंगानगर स्थापना दिवस के तहत 22 अक्टूबर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन जारी है। 26 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे महाराजा गंगासिंह स्टेच्यू सर्किल पर माल्यार्पण होगा। लोक कलाकारों द्वारा अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया जाएगा। सुबह सवा 8 बजे शिवपुर हैड पर पूजा-अर्चना के बाद सवा 9 बजे पौधारोपण कार्यक्रम होगा। इस दौरान लोक कला संस्कृति से संबधित कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां भी दी जायेंगी।

पर्यटन विभाग के अधिकारी श्री पवन शर्मा ने बताया कि सांस्कृतिक संध्या में राजस्थान की लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य और लोक गायन की प्रस्तुतियां होंगी। पंजाब के लोक नृत्य ढोल की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस दौरान सूरतगढ़ का मस्क बीण लोक नृत्य, बीकानेर की कच्ची घोड़ी, श्रीगंगानगर का पंजाबी ढोल और बीकानेर के रौबीले ग्रुप की प्रस्तुतियां भी होंगी।

इसके अलावा जैसलमेर के लंगा-मांगणियार कलाकार लोक गायन और जुगलबंदी पेश करेंगे। जोधपुर की कालबेलिया पार्टी का लोक नृत्य, बीकानेर का भवई नृत्य, तराजू एवं चकरी नृत्य, बालोतरा का लालगैर आंगी नृत्य, किशनगढ़ का चरी लोक नृत्य और श्रीगंगानगर का पंजाबी लोक नृत्य भी होगा। सांस्कृतिक संध्या में कैमल डांस, कैमल सफारी, जीप सफारी और डेजर्ट बाइक सफारी जैसी गतिविधियां भी होंगी।

पूरी ख़बर: timesofrajasthan.in ›

श्रीगंगानगर

पंचायती राज आम चुनाव के तहत पीओ व एपीओ प्रथम को दिया प्रशिक्षण

श्रीगंगानगर, 25 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत रविवार को चौथे दिन भी डीएवी उच्च माध्यमिक विद्यालय श्रीगंगानगर में पीओ व एपीओ प्रथम के लिये प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इससे पूर्व जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव के निर्देशानुसार कार्मिकों को पंचायती राज आम चुनाव के तहत निर्वाचन कार्यों एवं गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया। ईवीएम और मतपेटी से संबंधित प्रायोगिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इस दौरान प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के सहायक प्रभारी अधिकारी श्री सुरेन्द्र कुमार सोनी और श्री राजन शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे। (फोटो सहित)

पूरी ख़बर: timesofrajasthan.in ›

संक्षेप में

अलवर में वाल्मीकि जयंती महोत्सव का शुभारंभ, वरिष्ठ नागरिकों व बच्चों को सम्मान

‘ विंग्स ओवर गेंजेस का वाराणसी के नमो घाट से जलमहल की पाल पर हुआ सीधा प्रसारण

‘विकसित भारत 2047’ की दिशा में शहरी प्रशासन, योजना और सेवाओं की आपूर्ति को मजबूत करने संबंधी व्यावहारिक सुझावों के साथ ‘राष्ट्रीय शहरी सम्मेलन 2026’ संपन्न

शिल्प समागम मेला 2026-गुवाहाटी

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने जयपुर में पूर्व सैनिकों के गोल्डन जुबली समारोह में संबोधित किया

एनआईएफटीईएम-के ने भारत के पहले ‘एआई × फूड टेक हैकाथॉन’, ‘हैक द फोर्क’ का आयोजन किया

टाइम्स ऑफ़ राजस्थान · मुख्य पृष्ठसोमवार, 26 अक्टूबर 2026 · पृष्ठ 1

Click any story to read it

Rajasthan Ri Baat

A proverb, a word and a district from the land of dunes — every day

PROVERB OF THE DAY

“पाणी पीजे छाण कर, गुरु कीजे जाण कर”

Strain water before you drink it; know a teacher before you follow one.

MARWARI WORD

मनवार

Lovingly insisting a guest eats and drinks a little more

DISTRICT OF THE DAY

Chittorgarh

  • Chittorgarh Fort
  • Vijay Stambh
  • Meera Bai

FAIRS & FESTIVALS

This month: Pushkar Fair, Bundi Utsav

Kumbhalgarh Festival

Rajsamand · December

Discover Rajasthan →