26 अक्टूबर को कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना उपखंड में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, शाहजहांपुर के मैदान पर ‘एक खेल लोकतंत्र के नाम’ अभियान के तहत हॉकी मैच आयोजित हुआ।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य खेल के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना तथा मतदान के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम का संचालन

कार्यक्रम का आयोजन जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर कोटपूतली-बहरोड़ तथा उपखंड अधिकारी एवं निर्वाचन अधिकारी नीमराना के निर्देशन में किया गया।

विद्यालय के शिक्षक, स्वीप टीम के सदस्य, प्रशासनिक प्रतिनिधि, विद्यार्थी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

संदेश और शपथ

हॉकी मैच के दौरान खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

उपस्थित विद्यार्थियों, युवाओं एवं ग्रामीणों को खेल और लोकतंत्र के बीच संबंध बताते हुए समझाया गया कि जिस प्रकार खेल में प्रत्येक खिलाड़ी की भागीदारी महत्वपूर्ण होती है, उसी प्रकार लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता का वोट महत्वपूर्ण होता है।

कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को अपने मताधिकार के प्रति सजग रहने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।

उपस्थित खिलाड़ियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं जागरूक मतदान की शपथ दिलाई गई।

अभियान का उद्देश्य

जिला स्वीप प्रभारी एवं एसीईओ डॉ. गोपाल लाल मीणा ने बताया कि ‘एक खेल लोकतंत्र के नाम’ अभियान के तहत आयोजित हॉकी मैच का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को खेल के माध्यम से मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना है।