सीकर जिले की पांच पंचायत समितियों में 14 नवंबर को होने वाले चौथे चरण के मतदान के लिए मतदाता वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों का उपयोग कर सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने यह जानकारी दी।
सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, सीकर जिले की बलांरा, फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, नेछवा और रामगढ़ शेखावाटी पंचायत समितियों में चतुर्थ चरण के तहत मतदान होगा। मतदान केंद्र पर मतदाताओं को अपनी पहचान स्थापित करने के लिए मुख्य रूप से मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा।
मान्य होंगे ये वैकल्पिक दस्तावेज
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता फोटो पहचान पत्र उपलब्ध न होने की स्थिति में अन्य निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों से भी पहचान की पुष्टि की जा सकेगी। इसके लिए मतदाता केंद्र पर अपने साथ निर्धारित दस्तावेज लेकर पहुंच सकते हैं।
- आधार कार्ड और मनरेगा जॉब कार्ड
- ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और भारतीय पासपोर्ट
- फोटो सहित पेंशन दस्तावेज
- केंद्र, राज्य सरकार, पीएसयू या सार्वजनिक लिमिटेड कंपनियों के फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र
- बैंक या डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक
- राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (आरजीआई) स्मार्ट कार्ड और श्रम मंत्रालय स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड
- सांसदों, विधायकों और एमएलसी के आधिकारिक पहचान पत्र
- सामाजिक न्याय मंत्रालय द्वारा दिव्यांगजनों को जारी यूनिक डिसेबिलिटी आईडी
मतदाताओं से अपील
प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि मतदान के दिन अपने साथ निर्धारित पहचान दस्तावेज जरूर लेकर आएं। इससे मतदान केंद्र पर पहचान सत्यापन की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सकेगी और मतदाता स्वतंत्र व निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

