बीकानेर जिले की ग्राम पंचायत पाँचू में पंचायत चुनाव-2026 के मद्देनजर मतदाता जागरूकता और लोकतंत्र में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए 'वोट बारात' का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन कार्यालय के स्वीप प्रकोष्ठ के निर्देशानुसार शुक्रवार को निकाली गई इस अनोखी बारात ने ग्रामीणों को शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन और स्वीप प्रकोष्ठ प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे के निर्देशन में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में सजे साफाधारी बाराती ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ मतदान जागरूकता के नारे लगाते हुए गांव के मुख्य बाजार और विभिन्न गलियों से गुजरे।

लोकतंत्र के उत्सव के रूप में मतदान

ग्राम पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में स्वीप सह प्रभारी एवं पीआरओ सुरेश बिश्नोई ने कहा कि वोट बारात का उद्देश्य मतदान को लोकतंत्र के उत्सव के रूप में जन-जन तक पहुंचाना है। विकास अधिकारी पाँचू कैलाश राम पंचारिया ने कहा कि मतदान हमारा अधिकार और लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान स्वीप प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रशांत जोशी ने उपस्थित लोगों को मतदान की शपथ दिलाई। अंत में ग्राम विकास अधिकारी लक्ष्मी नारायण उपाध्याय ने सभी का आभार व्यक्त किया।

इस विषय पर और पढ़ें