सीकर जिले में पंचायती राज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के मतदान के लिए मंगलवार को ईवीएम का द्वितीय रेंडमाइजेशन किया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार की अध्यक्षता में यह प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूरी हुई।
इस प्रक्रिया के तहत लक्ष्मणगढ़, बलारां, फतेहपुर, रामगढ़ शेखावाटी और नेछवा पंचायत समिति क्षेत्रों के कुल 431 मतदान केंद्रों के लिए 584 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 1168 बैलेट यूनिट (बीयू) मशीनों का आवंटन किया गया।
मतदान केंद्रों के अनुसार मशीनों का आवंटन
प्रशासन के अनुसार बलारां पंचायत समिति के 73 मतदान केंद्रों के लिए 99 कंट्रोल यूनिट और 198 बैलेट यूनिट आवंटित की गईं। वहीं फतेहपुर के 96 मतदान केंद्रों के लिए 130 कंट्रोल यूनिट और 260 बैलेट यूनिट, तथा लक्ष्मणगढ़ के 99 मतदान केंद्रों के लिए 134 कंट्रोल यूनिट और 268 बैलेट यूनिट दी गई हैं।
इसके अलावा नेछवा पंचायत समिति के 84 मतदान केंद्रों के लिए 114 कंट्रोल यूनिट और 228 बैलेट यूनिट, तथा रामगढ़ शेखावाटी के 79 मतदान केंद्रों के लिए 107 कंट्रोल यूनिट और 214 बैलेट यूनिट मशीनें आवंटित की गई हैं।
बैठक में ये प्रतिनिधि रहे मौजूद
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए यह रेंडमाइजेशन निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया गया। बैठक में संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के साथ ही भारतीय जनता पार्टी से महावीर प्रसाद सैन, इंडियन नेशनल कांग्रेस से एडवोकेट पुरुषोत्तम शर्मा, बहुजन समाज पार्टी से भंवरलाल दानोदिया और आम आदमी पार्टी से शिवनाथ सिंह समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
