सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का वार्षिक सत्यापन एक नवंबर से शुरू कर दिया गया है। यह प्रक्रिया 31 दिसंबर तक पूरी की जानी है, जिसके तहत लाभार्थियों को ई-मित्र केंद्रों पर पहुंचना होगा।

इस वर्ष लागू किए गए नए नियमों के अनुसार पेंशनर्स की वार्षिक आय सीमा ₹48,000 होना अनिवार्य किया गया है। सत्यापन के दौरान यदि आय सीमा इससे अधिक पाई जाती है, तो ऑनलाइन पोर्टल पर सिस्टम में एरर प्रदर्शित हो रहा है, जिससे कई लोग निराश लौट रहे हैं।

आपके काम की बात और तकनीकी दिक्कतें

पोर्टल पर एरर आने की स्थिति में लाभार्थियों को वार्षिक आय का नया फॉर्म भरकर जमा कराना आवश्यक है। वहीं, जिन लाभार्थियों के सत्यापन में 'Error: In Getting Actual Aadhaar' की समस्या आ रही है, उन्हें अपने जन आधार कार्ड में आधार ई-केवाईसी अपडेट करवाने के निर्देश दिए गए हैं।

पेंशनर्स ने राज्य सरकार और विभाग से मांग की है कि परिवार की कुल आय के बजाय लाभार्थी की व्यक्तिगत आर्थिक स्थिति को सत्यापन का आधार बनाया जाना चाहिए। उनका कहना है कि कई बुजुर्गों के परिजन उनका भरण-पोषण नहीं करते हैं, ऐसे में कम वार्षिक सीमा के कारण वास्तविक जरूरतमंद पेंशन से वंचित हो सकते हैं।

विभाग का पक्ष

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, अलवर के उपनिदेशक लक्ष्मण सिंह ने बताया कि सत्यापन को लेकर किसी भी प्रकार की परेशानी की आधिकारिक सूचना अभी विभाग को नहीं मिली है। सभी पेंशनर्स को 31 दिसंबर से पहले नजदीकी ई-मित्र केंद्र पर जाकर सत्यापन करवाना अनिवार्य है।