जयपुर में गुरुवार को शासन सचिवालय में बाह्य सहायता प्राप्त परियोजनाओं (EAP) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने 12 चल रही और 6 प्रस्तावित परियोजनाओं की भौतिक व वित्तीय प्रगति पर चर्चा की।

बैठक में बताया गया कि 7 वित्तपोषण एजेंसियों के सहयोग से 6 विभागों की 12 परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 31,555 करोड़ रुपये तथा ऋण राशि लगभग 19,036 करोड़ रुपये है। इसके अतिरिक्त 5 विभागों की 6 नई परियोजनाओं की कुल लागत 25,602 करोड़ रुपये प्रस्तावित है।

मुख्य सचिव के निर्देश

मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को परियोजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं एवं लंबित प्रकरणों का संबंधित विभाग आपसी समन्वय से शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

साथ ही परियोजनाओं के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए कार्ययोजना के अनुरूप प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए।

समीक्षित परियोजनाएँ

  • राजस्थान अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट प्रोग्राम
  • राजस्थान सेकेंडरी टाउन्स डेवलपमेंट प्रोजेक्ट
  • राजस्थान अर्बन लाइवबिलिटी इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट
  • सस्टेनेबल अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन इन राजस्थान परियोजनाएँ
  • जल संसाधन विभाग की जल क्षेत्र आजीविका सुधार परियोजना
  • मरुस्थलीय क्षेत्रों के लिए जल क्षेत्र पुनर्गठन परियोजना
  • बांध पुनर्वास एवं सुधार परियोजना
  • वन विभाग की राजस्थान वानिकी एवं जैव विविधता विकास परियोजना
  • जलवायु परिवर्तन अनुकूलन एवं पारिस्थितिकी तंत्र सेवाओं के संवर्धन परियोजनाएँ
  • सार्वजनिक निर्माण विभाग की राज्य राजमार्ग निवेश एवं राजमार्ग आधुनिकीकरण परियोजना
  • जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ग्रामीण पेयजल आपूर्ति एवं फ्लोरोसिस शमन परियोजना
  • ऊर्जा विभाग की ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर परियोजना
  • जयपुर मेट्रो रेल परियोजना फेज- II