Skip to content

E-PAPER · ई-पेपर

Times of Rajasthan e-paper — 25 October 2026

Rajasthan edition · 6 pages

All past editions →
जयपुर
राजस्थान संस्करण
ई-पेपर
पृष्ठ 1

राजस्थान

राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी की राष्ट्रपति से भेंट

राजस्थान विधान सभा के अमृत महोत्सव के लिए श्री देवनानी ने राष्ट्रपति को किया आमंत्रित श्री देवनानी ने राष्ट्रपति को विधान सभा के प्रतीक चिह्न की प्रतिकृति भेंट की

जयपुर , 25 अक्टूबर। राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने रायपुर में राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु से शिष्टाचार भेंट की। विधान सभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने राष्ट्रपति को राजस्थान विधान सभा के प्रतीक चिह्न (लोगो) की प्रतिकृति भी भेंट की।

राष्ट्रपति से भेंट के दौरान विधान सभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने राजस्थान विधान सभा के 75 वें वर्ष के अमृत महोत्सव में आयोजित किए जा रहे देशभर की महिला विधायकों के सम्मेलन के लिए उन्हें आमंत्रित किया। श्री देवनानी ने राष्ट्रपति को इस महत्वपूर्ण ऐतिहासिक सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में पधारने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि उनके सानिध्य में राजस्थान विधान सभा को संवैधानिक आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ करने की प्रेरणा मिलेगी।

श्री देवनानी ने राष्ट्रपति को बताया कि राजस्थान विधान सभा वर्तमान में संसदीय लोकतंत्र की समृद्ध विरासत का जश्न मनाते हुए अपना 75 वां अमृत महोत्सव मना रही है। इन महत्वपूर्ण समारोहों के एक जीवंत और अभिन्न अंग के रूप में , विधान सभा द्वारा 15 जुलाई 2026 को "पूर्व और वर्तमान सदस्यों का विधायी गौरव यात्रा समागम" आयोजित किया गया। विधान सभा के इतिहास में पहली बार आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन और लोक सभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने शिरकत की और समारोह को संबोधित किया। इस अनूठी पहल की सभी ने सर्वसम्मति से सराहना की।

श्री देवनानी ने राष्ट्रपति को बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की महिला सशक्तिकरण के लिए दूरदर्शी कार्य योजना से प्रेरणा लेते हुए , विधायी संस्थाओं में महिलाओं की भूमिका , सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व को सशक्त बनाने के उद्देश्य से राजस्थान विधान सभा ने एक विशेष कार्यक्रम महिला विधायक सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय उद्देश्यों को सार्थक जमीनी कार्यों में रूपांतरित करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। यह सम्मेलन लोकतांत्रिक शासन में महिलाओं के योगदान पर विचार-विमर्श के लिए भी उत्कृष्ट मंच बन सकेगा।

श्री देवनानी ने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि उनकी उपस्थिति से देश भर की महिला विधायकों का मनोबल , उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ेगा। साथ ही यह सम्मेलन एक अविस्मरणीय आयोजन में भी तब्दील हो जाएगा।

विधान सभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने राष्ट्रपति के साथ राजस्थान विधान सभा की 75 वर्ष की गौरवशाली यात्रा के साथ ही पिछले दो वर्षों में राज्य विधान सभा में किए नवाचारों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि राजस्थान विधानसभा के नये भवन का उद्घाटन देश के राष्ट्रपति श्री आर. वेंकटरमन ने किया था। विधान सभा को देश के प्रथम प्रधानमंत्री श्री जवाहर लाल नेहरु और श्री अटल बिहारी वाजपेयी भी सम्बोधित कर चुके है। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु द्वारा भी 14 जुलाई , 2023 को विधान सभा को सम्बोधित किया गया था। श्री देवनानी ने कहा कि राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु द्वारा उस दौरान दिया गया प्रेरणादायक भाषण राजस्थान विधान सभा की सामूहिक स्मृति में गहराई से अंकित है। उनके द्वारा दिये गये संदेश विधान सभा को निरन्तर ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं।

श्री देवनानी ने राष्ट्रपति को बताया कि विधान सभा के गठन के बाद पहली बार विधान सभा के सभी द्वारों के नाम रखने के साथ ही विधान सभा का प्रतीक चिह्न (लोगो) भी जारी किया गया है। इस लोगो में अशोक चिह्न , राष्ट्रीय ध्वज , विधान सभा का भव्य भवन , राज्य पशु ऊँट , राज्य पक्षी गोडावण , राज्य वृक्ष खेजड़ी के साथ संस्कृत के ध्येय वाक्य राष्ट्राय धर्मनिष्ठा विधायिका और धान की बाली का समावेश किया गया है।

डॉ. लोकेश चन्द शर्मा/ऋचा

पूरी ख़बर: timesofrajasthan.in ›

मनोरंजन

राज्यपाल श्री बागडे ने राजस्थानी फिल्म "माँ" के प्रदर्शन का शुभारंभ किया

जयपुर , 25 अक्टूबर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने रविवार को जयपुर स्थित राजमंदिर सिनेमा हॉल में राजस्थानी फिल्म "माँ" के प्रदर्शन का शुभारंभ किया।

इस दौरान उन्होंने राजस्थानी में निर्मित इस फिल्म के ग्रैंड रिलीज़ को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि राजस्थानी भाषा नहीं संस्कृति है।

राज्यपाल श्री बागडे ने फिल्म के कुछ अंश भी हॉल में बैठकर देखे। बाद में उन्होंने फिल्म निर्माता और कलाकारों से भी संवाद कर इस पहल की सराहना की।

डॉ. राजेश व्यास/ऋचा

पूरी ख़बर: timesofrajasthan.in ›

देश

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने विशेष अभियान 6 सक्रिय रूप से लागू किया

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ( एमएनआरई) , अपने केन्द्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों ( सीपीएसयू) और स्वायत्त संस्थानों के साथ मिलकर विशेष अभियान 6 का सक्रिय रूप से लागू कर रहा है।

मंत्रालय और इसके संबद्ध संगठनों ने निर्धारित लक्ष्यों के मुकाबले लगभग 60-70 प्रतिशत प्रगति हासिल की है। इसके अंतर्गत स्वच्छता , अभिलेखों के कुशल प्रबंधन , कार्यालयीन स्थान के इष्टतम उपयोग और लंबित मामलों के निपटान की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रमुख गतिविधियों में कार्यालयों , गलियारों और कैंटीन में स्वच्छता अभियान चलाना ; भौतिक अभिलेखों की समीक्षा और उनकी छंटाई ; अनुपयोगी सामग्रियों को हटाना तथा लागू दिशा-निर्देशों के अनुसार ई-कचरे की पहचान और उसका निपटान करना शामिल है।

मंत्रालय , इसके दो केन्द्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों — भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी लिमिटेड ( इरेडा) और सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड ( सेकी) तथा तीन स्वायत्त संस्थानों — राष्ट्रीय सौर ऊर्जा संस्थान ( एनआईएसई) , राष्ट्रीय पवन ऊर्जा संस्थान ( एनआईडब्ल्यूई) और सरदार स्वर्ण सिंह राष्ट्रीय जैव-ऊर्जा संस्थान ( एसएसएस-एनआईबीई) — इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग ( डीएआरपीजी) द्वारा शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता को संस्थागत स्वरूप प्रदान करना और लंबित मामलों को न्यूनतम करना है। इसका कार्यान्वयन चरण 2 अक्टूबर , 2026 को शुरू हुआ और 31 अक्टूबर , 2026 तक जारी रहेगा।

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय 31 अक्टूबर , 2026 तक निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने तथा अभियान की अवधि समाप्त होने के बाद भी स्वच्छता , जवाबदेही और कार्यस्थल के कुशल प्रबंधन की संस्कृति को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

पूरी ख़बर: timesofrajasthan.in ›

बीकानेर

बीकानेर में 22,000 किलोग्राम खाद्य तेल की बड़ी सीज

बीकानेर के बीछवाल औद्योगिक क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक ही दिन में तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 22,000 किलोग्राम खाद्य तेल सीज किया और कुल छह नमूने जांच के लिये लिये।

आयोग के आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण श्री अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार, अतिरिक्त आयुक्त श्री भगवत सिंह और संयुक्त आयुक्त श्री वी.पी. शर्मा की देखरेख में केंद्रीय खाद्य सुरक्षा दल ने कार्य किया।

सीज किए गए तेल में भ्रामक लेबलिंग का संदेह

सीज किए गए तेल में नेपाल में निर्मित ‘CHOICE’ ब्रांड का सनफ्लावर ऑयल और ‘बाबा रामदेव छाप’ सरसों का तेल शामिल था, जिनकी लेबलिंग एवं प्रचार को भ्रामक माना गया और इसकी जांच जारी है।

दो अन्य प्रतिष्ठानों – मैसर्स नागड़ नारायण एग्रो इंडस्ट्रीज और रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मैसर्स बिशनलाल बाबूलाल की निर्माण इकाई – का भी निरीक्षण कर क्रमशः एक और दो नमूने लिये गये।

उपाय एवं भविष्य की कार्रवाई

निरीक्षण में पाई गई कमियों के संबंध में संबंधित फर्मों को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए जाएंगे, तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

भ्रमित लेबलिंग वाले उत्पादों की जांच जारी डिपावली सीजन में तेल, घी, मावा, मिठाइयों की कड़ी निगरानी उल्लंघन करने पर लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण

पूरी ख़बर: timesofrajasthan.in ›

जयपुर

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने जयपुर में पूर्व सैनिकों के गोल्डन जुबली समारोह में संबोधित किया

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने 25 अक्टूबर को जयपुर में जिला पूर्व सैनिक संघ द्वारा आयोजित 'जयपुर डिस्ट्रिक्ट एक्स सर्विसेज लीग' के गोल्डन जुबली समारोह में संबोधित किया।

समारोह में उन्होंने पूर्व सैनिकों के सम्मान, पेंशन लाभ और रोजगार अवसरों के विस्तार को रेखांकित किया।

पूर्व सैनिकों के कल्याण के प्रमुख कदम

राज्यपाल के अनुसार, भारत सरकार द्वारा 'वन रैंक वन पेंशन' योजना लागू की गई है, जिससे सभी पूर्व सैनिकों को समान पेंशन अधिकार मिलते हैं।

राज्य में एक्स सर्विसमैन कॉरपोरेशन के माध्यम से 13,000 से अधिक पूर्व सैनिकों को रोजगार प्रदान किया गया है, और सभी जिला सैनिक कल्याण कार्यालयों में विधिक सहायता क्लीनिक स्थापित किए गए हैं।

पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए कोचिंग सहायता राशि 15,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये की गई राज्यभर 14,000 से अधिक वीरांगनाओं को सम्मानित किया गया

बागडे ने कहा कि पूर्व सैनिकों को स्मार्ट कैंटीन कार्ड, पहचान पत्र, डीजीआर सेवाओं तक ऑनलाइन पहुंच और पेंशन प्रबंधन के लिए स्पर्श पोर्टल जैसी सुविधाएँ प्रदान की गई हैं।

समाज में पूर्व सैनिकों की भूमिका

राज्यपाल ने बताया कि सेवानिवृत्त सैनिक अनुशासन, अनुभव और नेतृत्व क्षमता से राष्ट्र विकास में योगदान देते हैं, और सामाजिक क्षेत्र में नशीली दवाओं के दुरुपयोग जैसी चुनौतियों से निपटने में युवाओं का मार्गदर्शन करते हैं।

पूरी ख़बर: timesofrajasthan.in ›

जयपुर

राजस्थान में प्राकृतिक एवं योगिक खेती को मिलेगी नई पहचान, कृषि विभाग और ब्रह्माकुमारी संस्थान के बीच ऐतिहासिक समझौता

25 अक्टूबर को आबूरोड स्थित ब्रह्माकुमारी संस्थान के शान्तिवन परिसर में कृषि विभाग और ब्रह्माकुमारी संस्थान के बीच एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए।

कृषि आयुक्त श्री नरेश कुमार गोयल ने कृषि विभाग की ओर से और ब्रह्माकुमारी संस्थान की ओर से कृषि एवं ग्रामीण विकास प्रभाग की अध्यक्ष बीके सरला के प्रतिनिधित्व में यह समझौता संपन्न किया।

प्राकृतिक खेती के प्रशिक्षण और क्षमता संवर्धन की योजना

एमओयू के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में किसानों के लिए प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती से संबंधित प्रशिक्षण शिविर, कार्यशालाएँ, प्रदर्शनियाँ और जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे।

किसानों को मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, जल संरक्षण, जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों और टिकाऊ कृषि प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

कृषि कार्मिकों के लिए भी प्राकृतिक खेती की नवीन तकनीकों और प्रभावी कृषि प्रसार गतिविधियों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे मुख्य प्रशिक्षक तैयार होंगे।

आबूरोड का तपोवन बनेगा योगिक प्राकृतिक खेती का उत्कृष्टता केंद्र

समझौते की एक प्रमुख विशेषता आबूरोड स्थित तपोवन को योगिक प्राकृतिक खेती के उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के रूप में विकसित करना है।

यह केंद्र प्राकृतिक खेती के प्रशिक्षण, प्रदर्शन, अनुसंधान, ज्ञान-विनिमय और क्षमता संवर्धन की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

कृषि अधिकारियों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान

एमओयू के अंतर्गत कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, कार्यक्षमता और सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए राजयोग, ध्यान और अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

समझौते की अवधि और कार्ययोजना

यह समझौता तीन वर्ष के लिए प्रभावी रहेगा, जिसे दोनों पक्षों की आपसी सहमति से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

दोनों पक्षों द्वारा नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे और वार्षिक संयुक्त कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिसमें प्रशिक्षित किसानों और कृषि कार्मिकों की संख्या, आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम और प्राकृतिक खेती अपनाने की प्रगति की समीक्षा शामिल होगी।

पूरी ख़बर: timesofrajasthan.in ›

संक्षेप में

“हम राज्य की राजधानियों से शहरों को नहीं चला सकते”: नीति आयोग के सदस्य श्री राजीव गौबा ने दूसरे राष्ट्रीय शहरी सम्मेलन में भारत की विकास क्षमता को अनलॉक करने के…

अलवर में आज हल्की बारिश और ठंड की संभावना

अलवर में वाल्मीकि जयंती महोत्सव का शुभारंभ, वरिष्ठ नागरिकों व बच्चों को सम्मान

राजसमंद के वरिष्ठ भाजपा नेता चिरंजीलाल टांक ने 50 वर्ष के बाद इस्तीफा दिया

बूंदी जिला परिषद चुनाव: 72 प्रत्याशी, संपत्ति में 28 करोड़ से 30 हजार तक

दीपावली से पूर्व जगमग होगा अपना अजमेर - श्री देवनानी

टाइम्स ऑफ़ राजस्थान · मुख्य पृष्ठरविवार, 25 अक्टूबर 2026 · पृष्ठ 1

Click any story to read it

Rajasthan Ri Baat

A proverb, a word and a district from the land of dunes — every day

PROVERB OF THE DAY

“पाणी पीजे छाण कर, गुरु कीजे जाण कर”

Strain water before you drink it; know a teacher before you follow one.

MARWARI WORD

मनवार

Lovingly insisting a guest eats and drinks a little more

DISTRICT OF THE DAY

Chittorgarh

  • Chittorgarh Fort
  • Vijay Stambh
  • Meera Bai

FAIRS & FESTIVALS

This month: Pushkar Fair, Bundi Utsav

Kumbhalgarh Festival

Rajsamand · December

Discover Rajasthan →