नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) इलेक्ट्रॉनिक कचरे (ई-कचरा) को प्रभावी ढंग से इकट्ठा करने , अलग-अलग करने और उसके निपटान के लिए विशेष प्रयास कर रहा है। ' स्वच्छता ' को संस्थागत बनाने और संसाधनों के कुशल प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से , यह गतिविधि ' लंबित मामलों के निपटान के लिए विशेष अभियान 6' ( एससीडीपीएम 6) के हिस्से के रूप में चलाई जा रही है।
इस अभियान के तहत , निपटान के लिए 5,337 पुरानी और ई-कचरा वस्तुओं की पहचान की गई है। इन पुरानी/ई-वेस्ट वस्तुओं का निपटान नीलामी के ज़रिए किया जा रहा है , जिससे राजस्व प्राप्त हो रहा है और उपलब्ध जगह का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो रहा है। इस निपटान प्रक्रिया से अब तक 11,40,220/- रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है और लगभग 600 वर्ग फुट जगह खाली हो गई है।
यह अभियान पुराने इलेक्ट्रॉनिक सामानों की व्यवस्थित पहचान करने , उन्हें अलग करने और उनके जिम्मेदार तरीके से निपटान पर विशेष जोर देता है , साथ ही कार्यालय की जगह के बेहतर उपयोग और कार्यस्थल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करता है।
इन निरंतर प्रयासों के माध्यम से , मंत्रालय ' विशेष अभियान 6' के अंतर्गत स्वच्छता , पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार अपशिष्ट प्रबंधन और कुशल प्रशासनिक कार्यप्रणालियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराता है।
