सवाई माधोपुर जिले की चार पंचायत समिति क्षत्रों में जिला परिषद के 16 वार्ड और पंचायत समिति के 82 वार्ड के लिए तृतीय चरण का मतदान मंगलवार को शांतिपूर्ण रूप से संपन्न हुआ।

पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के तहत यह मतदान सवाई माधोपुर के बामनवास, बौंली, मलारना डूंगर और खण्डार पंचायत समितियों में हुआ।

मतदान का क्रम और आगामी चरण

जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम के अनुसार, इस तृतीय चरण के बाद बुधवार 4 नवम्बर को ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।

गुरुवार को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।

मतदान के पश्चात संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना होगी तथा शुक्रवार 6 नवम्बर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न की जाएगी।

जिला परिषद् एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए सभी चरणों की मतगणना शुक्रवार 20 नवम्बर को प्रातः 8 बजे से जिला मुख्यालय स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, साहूनगर परिसर में की जाएगी।

सुरक्षा और व्यवस्था

जिला निर्वाचन अधिकारी व पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और आवश्यक बैरिकेडिंग व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मतदान के दौरान पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन ने मिलकर एक शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित माहौल बनाए रखा, जिससे मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।