• इन्दिरा गाँधी पंचायती राज संस्थान परिसर में 28 अक्टूबर से 4 नवम्बर 2026 तक होगा आयोजित
  • मेले में एसएचजी महिलाओं को मिलेगा रोजगार एवं विपणन का अवसर ,
  • आमजन मेले में हस्तनिर्मित सजावटी सामग्री एवं पारंपरिक व्यंजनों का लुफ्त उठाएं

जयपुर , 28 अक्टूबर। इन्दिरा गाँधी पंचायती राज संस्थान के महानिदेशक डॉ. नीरज के. पवन ने इन्दिरा गाँधी पंचायती राज संस्थान के परिसर में बुधवार को दीप प्रज्वलित कर राजीविका दिवाली मेले का शुभारंभ किया। यह मेला 28 अक्टूबर से 4 नवम्बर 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित होगा। इस अवसर पर उन्होंने राजीविका के स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं द्वारा लगाई गई स्टॉलों का अवलोकन किया तथा उनके द्वारा निर्मित हस्तशिल्प उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के हुनर एवं रचनात्मकता की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया और शुभकामनाएं दीं।

डॉ. पवन ने कहा कि राजीविका द्वारा आयोजित यह दिवाली मेला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के साथ रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर देगा। ऐसे आयोजनों से महिलाओं के कौशल को पहचान मिलने के साथ ही उन्हें अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार भी मिलता है।

उन्होंने जयपुरवासियों से आह्वान किया कि वे मेले में पहुंचकर एसएचजी की महिलाओं का उत्साहवर्धन करें तथा उनके द्वारा 100 से अधिक लगी स्टॉलों पर हस्तनिर्मित उत्पादों की खरीदारी कर प्रोत्साहित करें। मेले में टेराकोटा , लकड़ी के उत्पाद , कशीदाकारी एवं विभिन्न हस्तशिल्प वस्तुओं के साथ ही विविध खाद्य सामग्री उपलब्ध है। उन्होंने आमजन से दिवाली के अवसर पर मेले में आकर हस्तनिर्मित सजावटी सामग्री एवं पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लेने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की।

आकाश/रविन्द्र