राजस्थान में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष निरोधात्मक अभियान तेज कर दिया है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत प्रदेशभर में लगातार नाकाबंदी, गश्त और दबिश की कार्रवाई की जा रही है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, एक से चार नवंबर तक चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत कुल 488 अभियोग दर्ज किए गए हैं। इस दौरान कार्रवाई करते हुए आबकारी दलों ने 78 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है और अवैध गतिविधियों में प्रयुक्त 6 दुपहिया वाहन भी जब्त किए हैं।
लाखों की शराब और वॉश जब्त
अभियान के दौरान विभिन्न जिलों में की गई छापेमारी में भारी मात्रा में अवैध शराब और सामग्री बरामद की गई है। विभाग के अनुसार, ₹3,38,966 की लागत की 1246 लीटर देशी मदिरा, ₹5,62,890 की 7054 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा और ₹85,065 की 370 लीटर बीयर जब्त की गई है। इसके अलावा 4049 लीटर हथकड़ शराब बरामद करने के साथ ही 98,365 लीटर वॉश को मौके पर नष्ट किया गया है।
विभिन्न जिलों में आबकारी दलों की कार्रवाई
बांसवाड़ा जिले में आबकारी टीम ने 2100 लीटर वॉश के साथ मदिरा की 3 भट्टियां नष्ट कीं और 53 बोतल हथकड़ मदिरा जब्त की। दौसा में 2500 लीटर वॉश के साथ 5 भट्टियां ध्वस्त कर 55 लीटर अवैध हथकड़ शराब पकड़ी गई। चूरू के राजगढ़ और सुजानगढ़ में हरियाणा बिक्री के लिए निर्धारित देशी मदिरा जब्त की गई, जबकि भरतपुर के डीग में भी हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जयपुर, बीकानेर, जोधपुर ग्रामीण, नागौर, राजसमंद और श्रीगंगानगर समेत कई अन्य जिलों में भी आबकारी निरोधक दलों द्वारा लगातार दबिश और नाकाबंदी की कार्रवाई की जा रही है।
