जिला कलक्टर काना राम के निर्देशन में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को आयोजित होने वाले ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों की बैठक ली।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि 31 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे दशहरा मैदान से सर्किट हाउस तक रैली निकाली जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को प्रतिभागियों के लिए पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम स्थल पर समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जिला खेल अधिकारी को नगर परिषद के समन्वय से कार्यक्रम का संचालन सुनिश्चित करने, स्वयंसेवकों एवं खिलाड़ियों की सहभागिता कराने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को रैली मार्ग पर कानून, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जाब्ता तैनात करने को कहा गया।

बैठक में उन्होंने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी से माध्यमिक स्तर के छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ पीटीआई अध्यापक नियुक्ति करने को कहा। वहीं राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं कन्या महाविद्यालय को विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों की सहभागिता के निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने माय भारत केंद्र एवं स्काउट गाइड से जुड़े लगभग 100 स्वयंसेवकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।

---000---