• ‘विकसित राजस्थान @2047’ के विजन और राज्य की श्रेष्ठ कार्य-पद्धतियों को मिलेगा प्रमुख स्थान
  • सम्मेलन के प्रस्तुतिकरण में प्रमुखता से शामिल हों राज्य की प्रमुख योजनाएं, बेस्ट प्रैक्टिसेज और नवाचार
  • सभी नोडल विभाग फीडबैक नोट्स सहित समस्त तैयारियां तय समय-सीमा में करें पूर्ण
  • राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट रूप में प्रदर्शित हो राजस्थान का विकास मॉडल— मुख्य सचिव

जयपुर, 23 अक्टूबर। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में राजस्थान इंस्टीट्यूट फॉर ट्रांसफॉर्मेशन एंड इनोवेशन(रीति) के तत्वावधान में 26 से 28 दिसंबर तक आयोजित होने वाले छठे राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन (एनसीसीएस) की तैयारियों की समीक्षा बैठक शुक्रवार को शासन सचिवालय में आयोजित हुई।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सम्मेलन के लिए तैयार किए जाने वाले प्रस्तुतिकरण और दस्तावेजों में ‘विकसित राजस्थान @2047’ के विजन, राज्य की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं तथा बेस्ट प्रैक्टिसेज को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी सूचनाएं और आंकड़े समय-समय पर अद्यतन भी रखे जाएं।

त्वरित सूचना-प्रेषण के लिए व्हाट्सएप ग्रुप —

श्री श्रीनिवास ने कहा कि तैयारियों और आपसी समन्वय को बेहतर बनाने के लिए एक पृथक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए, जिससे सभी आवश्यक सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित हो सके।

फीडबैक नोट्स को समय पर करें अपलोड —

मुख्य सचिव ने कहा कि सभी संबंधित विभाग अपने फीडबैक और स्टेट-स्पेसिफिक नोट्स तय समय-सीमा में पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।

प्रदर्शनी की तैयारियां—

इस दौरान बताया गया कि आयोजन स्थल पर लगने वाली प्रदर्शनी के लिए राजस्थान रिन्यूएबल एनर्जी कॉर्पोरेशन लिमिटेड को नोडल एजेंसी बनाया गया है। प्रदर्शनी में राज्य की उपलब्धियों, जैसे सोलर पार्क, पीएम-कुसुम, रूफटॉप योजना और डिजिटल गवर्नेंस के मॉडलों को प्रभावी एवं व्यवस्थित रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।

श्री श्रीनिवास ने सभी नोडल विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय मजबूत करने और तय समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान के विकास मॉडल को उत्कृष्ट रूप से प्रस्तुत किया जा सके।

बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

नितिन/डॉ.रवीन्द्र