श्रीगंगानगर में बसों के माध्यम से मावा (खोया) के अवैध परिवहन को रोकने के लिए परिवहन विभाग ने सख्त कदम उठाए। 3 नवम्बर को जिला परिवहन अधिकारी श्री देवानंद ने बताया कि जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव के निर्देशानुसार बस संचालकों एवं यूनियन के पदाधिकारियों को चेतावनी दी गई है।
सभी प्रमुख बस रूटों पर निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है और बिना पूर्व सूचना के अचानक जांच की जाएगी। गोपनीय सूचना तंत्र भी विकसित किया गया है।
विशेष जांच अभियान
सीएमएचओ एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय में संयुक्त जांच टीम गठित की गई है। टीम सूरतगढ़ एवं अनूपगढ़ क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाकर बसों की जांच करेगी।
जिला परिवहन अधिकारी के अनुसार बसों का उपयोग केवल यात्रियों के परिवहन के लिए किया जा सकता है। यदि किसी बस में मावा का परिवहन पाया जाता है तो सीएमएचओ एवं परिवहन विभाग द्वारा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता के अनुसार एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
बस संचालकों, चालकों एवं परिचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे जारी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

