- पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की अपील की
- दिया मतदाता जागरूकता का संदेश
बाड़मेर/जयपुर , 30 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के बाड़मेर प्रवास के दौरान लीफ आर्टिस्ट खेतेश गोयल ने पीपल के पत्ते पर स्वीप के लोगो की आकृति उकेरकर उसकी तस्वीर राज्य निर्वाचन आयुक्त को सौंपी। इसके जरिए प्रदेश की जनता से पंचायती राज चुनावों में बढ़-चढ़कर मतदान करने एवं पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की अपील की गई है।
बाड़मेर जिला मुख्यालय पर राज्य निर्वाचन आयुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्मयी गोपाल को मतदाता जागरूकता का संदेश देने वाली तस्वीर भेंट की गई। इस दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने लीफ आर्टिस्ट खेतेश गोयल से उनकी कला के बारे में विस्तार से जानकारी ली और इस अनूठे प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वीप अभियान के अंतर्गत मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के नवीन एवं आकर्षक तरीकों की क्रियान्विति अभिनव पहल है। गोयल ने बताया कि वर्तमान में वह जयपुर स्थित राजस्थान स्कूल ऑफ आर्ट में बैचलर ऑफ विजुअल आर्ट्स की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन में समय का सदुपयोग करते हुए लीफ आर्ट सीखना शुरू किया। इसके बाद से वह समय-समय पर अपनी कलाकृतियों के माध्यम से विभिन्न जागरूकता अभियानों में भागीदारी निभाते रहते है।
प्रमोद/आकाश
