राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने 31 अक्टूबर को ब्यावर जिले के निमाज और विराटिया खुर्द के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और दिव्यांग व वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के लिए सुगम आवागमन की जाँच की तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

चुनाव की तैयारी और निर्देश

आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी पूरी गंभीरता एवं निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। चुनाव शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए मतदान की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।

मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने के आदेश भी दिए गए।

ईवीएम की सुरक्षा के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल की पालना सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा एवं सुरक्षित रखरखाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा गया।

दिव्यांग व वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधा

आयुक्त ने मतदान केंद्रों पर दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के लिए सुगम आवागमन, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहने का निर्देश दिया।

मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मतदाताओं की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।

मीडिया से संवाद

जिला कलेक्ट्रेट में मीडिया से बातचीत के दौरान आयुक्त ने पंचायत आम चुनाव के तीसरे चरण के मतदान को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी साझा की।

उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए की गई व्यवस्थाओं तथा अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के बारे में अवगत कराया।

उपस्थित अधिकारी

निरीक्षण के दौरान चुनाव पर्यवेक्षक भगीरथ विश्नोई, जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना, जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, उपखंड अधिकारी मनोज मीना, उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।