• राज्य निर्वाचन आयुक्त की उपस्थिति में सीकर जिले के नेछवा में आयोजित हुआ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम , हजारों लोगों ने ली मतदान की शपथ
  • स्कूली विद्यार्थियों ने मानव शृंखला , सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जागरूकता रैली के माध्यम से दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश

जयपुर , 26 अक्टूबर। राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह की उपस्थिति में सोमवार को सीकर जिले के नेछवा स्थित सनराइज स्कूल में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में स्कूली विद्यार्थियों , युवाओं , महिलाओं , वरिष्ठ नागरिकों , दिव्यांगजनों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। कार्यक्रम के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।

कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों ने मानव शृंखला बनाकर , विभिन्न कलाकृतियों के माध्यम से तथा हाथों में मतदान संबंधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर आमजन को जागरूक किया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मतदाता जागरूकता गीतों के माध्यम से मतदान का महत्व समझाया।

इस अवसर पर राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ दिलाई तथा सभी से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की।

इसके बाद उन्होंने मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल विद्यार्थियों ने विभिन्न नारों और स्लोगन के माध्यम से क्षेत्रवासियों को अधिकाधिक मतदान करने का संदेश दिया।

युवा पीढ़ी अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बने —राजेश्वर सिंह

राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने कहा कि युवा पीढ़ी अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाए , तभी देश का भविष्य और अधिक उज्ज्वल एवं विकसित बन सकेगा। लोकतंत्र का वास्तविक अर्थ यह है कि सभ्य और सुसंस्कृत समाज अपने मतभेदों का समाधान शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण तरीके से करे।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि मतदाताओं को किसी भी प्रकार के अनुचित प्रलोभन में आए बिना तथा जाति और धर्म से ऊपर उठकर योग्य , प्रतिबद्ध , विचारवान एवं क्षेत्र की समस्याओं से भली-भांति अवगत जनप्रतिनिधियों का चयन करना चाहिए। ऐसे जनप्रतिनिधि चुने जाने चाहिए , जो आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति संकल्पबद्ध हों और धरातल पर सक्रिय रहकर आमजन के हित में कार्य करने की क्षमता रखते हों।

उन्होंने कहा कि चुनाव में जनप्रतिनिधि के चयन के साथ-साथ गांव , क्षेत्र और जिले में आपसी भाईचारा , सद्भाव एवं सामाजिक समरसता बनाए रखना भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। चुनाव में कई प्रत्याशी भाग लेते हैं , लेकिन जीत किसी एक की ही होती है। ऐसे में हार-जीत को सहजता से स्वीकार करते हुए सभी को खेल भावना के साथ चुनाव में भाग लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बच्चे खेल को खेल भावना से खेलते हैं , उसी प्रकार बड़ों को भी बच्चों से सीख लेते हुए परिपक्वता का परिचय देना चाहिए तथा चुनाव के दौरान आपसी संबंधों और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखना चाहिए

उन्होंने बताया कि मतदाता अपनी पहचान के लिए मतदाता पहचान पत्र के अतिरिक्त निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अन्य 11 वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों का उपयोग कर भी मतदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से स्वीप गतिविधियों के माध्यम से निरंतर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं , ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सके।

कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशीष मोदी , जिला पुलिस अधीक्षक संजीव नैन , जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप प्रभारी राजपाल यादव , उपखंड अधिकारी आशीष शर्मा , विकास अधिकारी रोमा सहारण सहित संबंधित अधिकारी , शिक्षक , विद्यार्थी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

संतोष कुमावत/आकाश