- सरपंच चुनाव के दौरान शाहपुरा , जाहोता , जालसु , चंदवाजी एवं राडावास सहित विभिन्न क्षेत्रों में किया निरीक्षण
- मतदाताओं से सीधा संवाद कर जाना मतदान व्यवस्थाओं का फीडबैक , निर्भीक एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना
जयपुर , 30 अक्टूबर। पंचायतीराज आम चुनाव के द्वितीय चरण के तहत शुक्रवार को जयपुर जिले की पांच पंचायत समितियों में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान के दौरान लोकतंत्र के प्रति मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला। मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र , निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने शाहपुरा , जाहोता , जालसु , चंदवाजी एवं राडावास सहित विभिन्न क्षेत्रों के मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया की स्थिति , मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान बिजली , पेयजल , स्वच्छता , छाया एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता भी जांची।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान के लिए पहुंचे मतदाताओं से आत्मीय संवाद किया और मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने मतदाताओं को निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक मतदाता की जागरूकता और सहभागिता से सुनिश्चित होती है। उन्होंने मतदान प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।
हेमंत/आकाश
