जयपुर, 23 अक्टूबर। आगामी पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक की अध्यक्षता में उपखंड फागी में शुक्रवार को चुनाव पूर्व तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपखंड क्षेत्र में चिह्नित संवेदनशील मतदान बूथों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती तथा असामाजिक एवं अवांछित गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के संबंध में की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण किए जाएं। मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं में आपसी समन्वय तथा आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित की जाए, ताकि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकें।

बैठक में पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण हनुमान प्रसाद मीणा, उपखण्ड अधिकारी बलबीर सिंह,तहसीलदार फागी, विकास अधिकारी फागी, वृत्ताधिकारी पुलिस तथा थानाधिकारी पुलिस थाना फागी उपस्थित रहे।

हेमंत/अभिषेक