जयपुर, 19 अक्टूबर। आगामी पंचायत समिति एवं जिला परिषद चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से उपखंड कार्यालय रामपुरा डाबड़ी में जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आदर्श आचार संहिता की पालना, मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता, मतदाता सूचियों की स्थिति तथा ईवीएम मशीनों के वितरण एवं संग्रहण की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी चुनावी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने, आदर्श आचार संहिता की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
इस दौरान एसपी ग्रामीण हनुमान मीणा, डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण, उपखंड अधिकारी सुमन चौधरी तहसीलदार धर्मेंद्र स्वामी, नायब तहसीलदार आस्था चंदेलिया, चौमूं एसीपी एवं संबंधित थानों के थानाधिकारी उपस्थित रहे।
हेमंत/रवीन्द्र
