राजस्थान में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार ने 235 पदक विजेता खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में आउट ऑफ टर्न सरकारी नियुक्तियां देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। यह निर्णय मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में जयपुर स्थित शासन सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय समिति की 7वीं बैठक में लिया गया।
मुख्य सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, समिति ने पदक विजेता सामान्य एवं पैरा खिलाड़ियों के 286 नए आवेदनों पर विचार किया था, जिनमें से 235 खिलाड़ियों के प्रस्तावों को स्वीकृत किया गया। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र खिलाड़ियों के खेल प्रमाण पत्रों के सत्यापन और पदस्थापन से जुड़ी बाधाओं का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए ताकि युवाओं को प्रोत्साहन मिल सके।
श्रेणी-वार पदों का विवरण
बैठक में विभिन्न श्रेणियों के पदों पर नियुक्तियों को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनमें श्रेणी-ए, बी और सी शामिल हैं।
- श्रेणी-ए: 9 खिलाड़ियों को पुलिस उप अधीक्षक के पद पर नियुक्ति।
- श्रेणी-बी: 2 खिलाड़ियों को आबकारी विभाग में पेट्रोलिंग ऑफिसर ग्रेड-2 और राजस्थान पुलिस में उप निरीक्षक के पद पर नियुक्ति।
- श्रेणी-सी: 224 खिलाड़ियों को लिपिक ग्रेड-द्वितीय, कांस्टेबल, आबकारी सिपाही और उप जेलर के पदों पर नियुक्ति (इनमें 73 पैरा खिलाड़ी शामिल हैं)।
वन विभाग के खिलाड़ियों के समायोजन पर भी चर्चा
बैठक के दौरान वन विभाग में पहले से पदस्थापित खिलाड़ियों की वर्तमान स्थिति और उनकी सेवा संबंधी कठिनाइयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इन खिलाड़ियों को नियमों में एकबारीय छूट देने और आवश्यकतानुसार अन्य विभागों में समायोजित करने का निर्णय लिया गया।
इस बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव वन विभाग आनन्द कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव युवा मामले एवं खेल विभाग प्रवीण गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह विभाग भास्कर सावंत, अतिरिक्त मुख्य सचिव सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग दिनेश कुमार और शासन सचिव कार्मिक विभाग अर्चना सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
