मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को जयपुर में राजस्थान संपर्क 181 केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉल पर परिवादियों से सीधी बात कर उनकी समस्याएँ सुनीं।

सीकर जिले के एक विद्यालय में छात्राओं के साथ अनुचित स्पर्श की शिकायत मिलने पर मुख्य सचिव ने प्रारंभिक शिक्षा विभाग के अधिकारी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श की पहचान के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा, जिसमें विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों और अभिभावकों को भी जोड़ा जाए।

विभिन्न शिकायतों पर दिए त्वरित समाधान के निर्देश

जयपुर जिले के शंकर लाल यादव ने कालाडेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नवजात की देखभाल से जुड़ी समस्या बताई। मुख्य सचिव ने चिकित्सा अधिकारी को नवजात की समुचित देखभाल और केंद्र में आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दौसा के एक परिवादी ने जन आधार में आय प्रमाणपत्र का विवरण अद्यतन करने में देरी की शिकायत की। इस पर मुख्य सचिव ने आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के निदेशक को प्रकरण की जांच करने और जन आधार से जुड़ी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा। उन्होंने रसोई गैस कनेक्शन के स्थानांतरण और छात्रा को अर्द्धवार्षिक परीक्षा में रोके जाने की शिकायतों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए।

शिकायतों के निस्तारण में आई तेजी

मुख्य सचिव ने राजस्थान संपर्क की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की और शिकायतों के निस्तारण में आई तेजी पर प्रसन्नता जताई। 13 नवंबर तक की रिपोर्ट के अनुसार, शहरी और ग्रामीण सुविधाओं की सभी 27 श्रेणियों में औसत निस्तारण समय घटा है।

नगरीय निकायों में निस्तारण का औसत समय 18 से घटकर 12 दिन और ग्रामीण पेयजल सेवाओं में 16 से घटकर 12 दिन हो गया है। इन सेवाओं में परिवादियों की संतुष्टि दर में भी वृद्धि दर्ज की गई है।

इस विषय पर और पढ़ें