जयपुर में प्रवासी राजस्थानी दिवस के आयोजन की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को उच्चस्तरीय बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि यह आयोजन प्रवासी राजस्थानियों के लिए अपनी जन्मभूमि से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।

सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, प्रवासी राजस्थानी प्रदेश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भागीदार हैं। इस आयोजन के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर और निवेश की संभावनाओं से परिचित कराया जाएगा।

शेखावाटी हेरिटेज मीट और मुख्य कार्यक्रम की रूपरेखा

शेखावाटी की हवेलियों को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए 8 दिसंबर को झुंझुनूं के खेतड़ी स्थित अभयगढ़ में शेखावाटी हेरिटेज मीट आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने सीकर, झुंझुनूं और चूरू के प्रमुख प्रवासी राजस्थानियों, उद्योगपतियों और हवेली मालिकों को इस आयोजन से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।

इसके बाद 9 दिसंबर को जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। वहीं, 10 दिसंबर को जयपुर के जेईसीसी में प्रवासी राजस्थानी दिवस का मुख्य कार्यक्रम होगा, जिसमें देश-विदेश के विशेषज्ञों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस विषय पर और पढ़ें