भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर श्रीगंगानगर जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत गुरुवार को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 14,93,472 दर्ज की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची की सॉफ्ट और हार्ड कॉपी निःशुल्क सौंपी गई। अधिकारियों के अनुसार जिले के कुल 14,93,472 मतदाताओं में 7,81,310 पुरुष, 7,12,108 महिलाएं और 54 ट्रांसजेडर मतदाता शामिल हैं।
ऑनलाइन और बीएलओ के पास मिलेगी सूची
यह सूचियाँ मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान की वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध हैं, जहाँ मतदाता अपना नाम खोज सकते हैं। इसके अलावा सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के पास बूथवार सूची हार्ड कॉपी में भी उपलब्ध रहेगी।
- नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा।
- नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 भरना होगा।
- प्रविष्टियों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।
आपत्ति और अपील की प्रक्रिया
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटाने या संशोधन के लिए आवेदन ईसीआई नेट या वोटर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किए जा सकते हैं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय के खिलाफ 15 दिनों के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष पहली अपील की जा सकती है।
