चूरू जिले में पंचायती राज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस चरण में 231 ग्राम पंचायतों के 696 मतदान केंद्रों पर 14 और 16 नवंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा।
जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा के अनुसार, चतुर्थ चरण में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 14 नवंबर को मतदान होगा। वहीं, पंच एवं सरपंच पद के लिए 16 नवंबर 2026 को वोट डाले जाएंगे। इस चरण में कुल 6,40,195 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 3,29,702 पुरुष, 3,10,490 महिलाएं और 3 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
मतदान दल और मतदान केंद्र
चतुर्थ चरण के अंतर्गत सुजानगढ़, तारानगर पूर्व, तारानगर पश्चिम (भालेरी), रतनगढ़, चूरू और चूरू उत्तर पंचायत समितियां आती हैं। इन क्षेत्रों में कुल 114 पंचायत समिति वार्ड और 2001 ग्राम पंचायत वार्ड हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 13 नवंबर को अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दलों को चार निर्धारित केंद्रों से रवाना किया जाएगा।
मतदान के लिए 11 वैकल्पिक दस्तावेज मान्य
मतदान के समय मतदाताओं को अपनी पहचान के लिए मतदाता पहचान पत्र (ईपिक कार्ड) दिखाना होगा। यदि किसी मतदाता के पास ईपिक कार्ड नहीं है, तो वह सरकार द्वारा तय किए गए 11 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों में से किसी एक को दिखाकर वोट डाल सकता है।
- आधार कार्ड
- मनरेगा जॉब कार्ड
- बैंक या डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक
- स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड या आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड
- ड्राइविंग लाइसेंस
- पैन कार्ड
- भारतीय पासपोर्ट
- फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज
- केंद्र, राज्य सरकार, लोक उपक्रम या पब्लिक लिमिटेड कंपनियों के सेवा पहचान पत्र
- सांसदों और विधायकों को जारी सरकारी पहचान पत्र
- यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड
