बूंदी जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के मद्देनजर मतदान के दिन संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित कृषि उपज मंडियों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस दौरान मंडियों में नीलामी एवं सभी प्रकार की व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह से बंद रहेंगी।
प्रभारी अधिकारी सामान्य एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) रमेश देव द्वारा जारी आदेशानुसार, मंडी समितियों में कार्यरत कार्मिकों एवं व्यापारियों को मताधिकार का प्रयोग करने की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। चतुर्थ चरण के चुनाव के तहत बूंदी, खटकड़, दबलाना, हिंडोली, नैनवां, लाखेरी और केशवरायपाटन निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा।
मतदान की तिथियां और अवकाश
इन क्षेत्रों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 14 नवंबर को मतदान होगा। वहीं, सरपंच व पंच पदों के लिए 16 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और दोनों दिन संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों की कृषि उपज मंडियों में पूर्ण रूप से अवकाश रहेगा।
आदेशानुसार यदि किसी क्षेत्र में पुनर्मतदान की स्थिति उत्पन्न होती है, तो पुनर्मतदान की तिथि पर भी उस संबंधित निर्वाचन क्षेत्र की मंडी समिति में सार्वजनिक अवकाश लागू रहेगा। इससे पूर्व जिला निर्वाचन अधिकारी हरफूल सिंह यादव द्वारा 14 व 16 नवंबर को संबंधित क्षेत्रों के सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों में भी अवकाश घोषित किया जा चुका है।

