भारतीय नौसेना का वार्षिक उच्च-स्तरीय अंतरराष्ट्रीय रणनीतिक संवाद, इंडो-पैसिफिक क्षेत्रीय संवाद 2026 (आईपीआरडी-2026), 05 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में संपन्न हुआ। नेशनल मैरीटाइम फाउंडेशन (एनएमएफ) के सहयोग से आयोजित इस सम्मेलन में क्षेत्रीय समुद्री सहयोग के लिए व्यावहारिक रास्ते तलाशने पर विचार-विमर्श किया गया।
पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) के अनुसार, तीन दिनों तक चले इस सम्मेलन में पांच पेशेवर विषयगत सत्रों के माध्यम से 'इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और शैक्षणिक सहयोग' पर चर्चा हुई। इसमें बीस देशों के 40 से अधिक विशेषज्ञों और वक्ताओं ने हिस्सा लिया।
समापन सत्र और प्रमुख वक्ता
समापन दिवस की शुरुआत चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि के विशेष संबोधन के साथ हुई। इसके बाद 'महासागर शासन और समुद्री सुदृढ़ता के लिए सहयोगात्मक दृष्टिकोण' विषय पर सत्र आयोजित किया गया, जिसका संचालन यूनाइटेड सर्विस इंस्टीट्यूशन ऑफ इंडिया के महानिदेशक वाइस एडमिरल संजय जसजीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने किया।
अंतिम सत्र 'परिवर्तनकारी समुद्री प्रौद्योगिकियां और दोहरे उपयोग के निहितार्थ' विषय पर केंद्रित था, जिसका संचालन भारतीय नौसेना के रियर एडमिरल गुनींदर सिंह जावांडा (सेवानिवृत्त) ने किया। सम्मेलन का समापन भारत सरकार के रक्षा सचिव श्री राजेश कुमार सिंह के संबोधन के साथ हुआ।
