राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने समान पात्रता परीक्षा (CET) सीनियर सेकेंडरी यानी 12वीं स्तर 2026 के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। बोर्ड की ओर से 26 नवंबर को हॉल टिकट आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड किए गए हैं।

यह परीक्षा 1, 2 और 3 दिसंबर 2026 को ऑफलाइन मोड में ओएमआर शीट के माध्यम से आयोजित की जाएगी। परीक्षा का आयोजन प्रतिदिन दो पालियों में किया जाएगा, जिसमें प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक तय की गई है। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य है। बोर्ड के निर्देशों के अनुसार, परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा।

आपके काम की बात: ऐसे डाउनलोड करें प्रवेश पत्र

परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in या recruitment.rajasthan.gov.in के माध्यम से अपने प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं। डाउनलोड प्रक्रिया के लिए उम्मीदवारों को अपनी आवेदन संख्या और जन्म तिथि दर्ज करनी होगी।

  • आधिकारिक वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in या recruitment.rajasthan.gov.in पर जाएं।
  • होमपेज पर सीईटी सीनियर सेकेंडरी स्तर 2026 के प्रवेश पत्र लिंक का चयन करें।
  • मांगे गए क्रेडेंशियल जैसे आवेदन संख्या और जन्म तिथि भरकर सबमिट करें।
  • स्क्रीन पर प्रदर्शित हॉल टिकट की जांच करें और उसका प्रिंट सुरक्षित रख लें।

परीक्षा केंद्र पर इन बातों का रखें विशेष ध्यान

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के बाद उस पर अंकित परीक्षा तिथि, पाली, समय और केंद्र के पते की भली-भांति जांच कर लें। परीक्षा केंद्र पर हॉल टिकट के साथ एक मूल फोटो पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी या पैन कार्ड तथा पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ लाना अनिवार्य है। साथ ही नीले रंग का पारदर्शी बॉल पेन लाने की अनुमति दी गई है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 जून 2026 से 23 जुलाई 2026 तक संचालित की गई थी।