नई दिल्ली में शुक्रवार को दो दिवसीय विद्युत मंत्रियों का सम्मेलन शुरू हुआ। इस सम्मेलन में 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के विद्युत मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और विद्युत नियामक भाग ले रहे हैं।

सम्मेलन की अध्यक्षता केंद्रीय विद्युत एवं आवासन और शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल कर रहे हैं। राजस्थान का प्रतिनिधित्व ऊर्जा मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री हीरालाल नागर ने किया।

सम्मेलन में हुई महत्वपूर्ण चर्चाएँ

सम्मेलन में ऊर्जा मंत्री श्री हीरालाल नागर ने कहा कि सभी राज्यों के ऊर्जा मंत्रियों की इस बैठक में राज्यों में पावर जनरेशन से लेकर ट्रांसमिशन और वितरण कंपनियों के लिए जो टारगेट दिए गए हैं, उनके ऊपर प्रेजेंटेशन होनी है। उन्होंने कहा कि इस बैठक के दौरान राज्यों द्वारा विद्युत क्षेत्र की मजबूती और भविष्य में जरूरतों के अनुसार आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों पर विस्तार से चर्चा होनी है।

श्री हीरालाल नागर ने कहा कि राजस्थान सरकार पड़ोसी राज्यों के साथ एमओयू करके सोलर सिस्टम लगाना चाहती हैं इसलिए इस बैठक के दौरान उससे जुड़े हुए मसलों पर भी महत्वपूर्ण चर्चा होनी है।

उन्होंने कहा कि देश में जो आवश्यकता है उसे ध्यान में रखते हुए आने वाले समय में बिजली की कितनी कमी होगी और बिजली की उपलब्धता कितनी होगी, उस पर राज्य अपनी कार्ययोजना बनाएँगे, ताकि आवश्यकता की पूर्ति के लिए उनके पास संसाधन उपलब्ध हों। श्री नागर ने कहा कि हमने वर्ष 2025-26 में 931 करोड़ का लाभ अर्जित किया है।

आगे क्या

बैठक के दूसरे दिन 28 नवंबर को आयोजित होने वाले प्रमुख सत्रों में नियामक मंच और राज्य विद्युत नियामक आयोगों (एसईआरसी) के साथ संयुक्त सत्र शामिल होगा। इस सत्र में राज्य के विद्युत मंत्री, एसईआरसी के अध्यक्ष, राज्यों के विद्युत/ऊर्जा सचिव और मंत्रालय के अधिकारी विद्युत क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।