भारत और म्यांमार ने 5 नवंबर 2026 को चेन्नई में पहली द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) सैन्य अभ्यास ‘राहत मित्र’ की शुरुआत की है। यह अभ्यास 5 से 6 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है।

सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस अभ्यास की थीम 'टुगेदर फॉर ह्यूमैनिटी, स्ट्रॉन्गर थ्रू पार्टनरशिप' है। इसका उद्देश्य द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करना, आपसी विश्वास बढ़ाना और दोनों देशों के रक्षा बलों के बीच समन्वय को बेहतर बनाना है।

अभ्यास की मुख्य विशेषताएं

इस पहले अभ्यास में दोनों देशों की तीनों सेनाओं के 300 से अधिक जवान हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय नौसेना के तत्वावधान में समन्वित यह अभ्यास दोनों देशों के रक्षा बलों को पेशेवर अनुभवों के आदान-प्रदान और आपदा राहत अभियानों में संचालन क्षमता बढ़ाने का मंच प्रदान करता है।

विज्ञप्ति में बताया गया है कि यह अभ्यास भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति और ‘महासागर’ (क्षेत्रीय सुरक्षा एवं विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) के रणनीतिक दृष्टिकोण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।