बूंदी में तीन दिवसीय 'बूंदी महोत्सव 2026' का भव्य शुभारंभ हुआ। नगर परिषद सभापति भरत शर्मा ने शुक्रवार को गढ़ पैलेस में इसका विधिवत उद्घाटन किया।
महोत्सव का शुभारंभ श्री गणेश पूजा और झंडारोहण के साथ हुआ। इसके बाद, भरत शर्मा ने गढ़ पैलेस में ही कैनवास पेंटिंग वर्कशॉप का उद्घाटन किया।
शोभायात्रा का भव्य आयोजन
महोत्सव का मुख्य आकर्षण नवल सागर से शुरू हुई भव्य शोभायात्रा रही। शाही लवाजमे के साथ निकली इस यात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे विभिन्न समुदायों के लोगों, लोक कलाकारों, और सजे हुए ऊंट-घोड़ों ने बूंदी की सड़कों पर हाड़ौती की समृद्ध लोक संस्कृति के रंग बिखेरे।
शोभायात्रा के दौरान शहर के बाजारों में बोहरा समाज, कौमी एकता, होटल व्यवसायी, जैन समाज, सिख समाज, रोटरी क्लब सहित अन्य समाजों द्वारा पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। यह शोभायात्रा पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचकर सम्पन्न हुई।
पारंपरिक खेलों का रोमांच
इसके बाद, पुलिस परेड ग्राउंड पर पारंपरिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का रोमांच शुरू हुआ। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित रस्सा-कस्सी, ऊंट दौड़, घुड़ दौड़, मूंछ प्रतियोगिता, साफा बांधना और पणिहारी दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में स्थानीय निवासियों के साथ-साथ विदेशी पर्यटकों ने भी उत्साह से भाग लिया।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर एचडी सिंह, जिला परिषद् की मुख्य कार्यकारी अधिकारी चारू, अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) रमेश देव, उपखण्ड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा, उपसभापति संजय भूटानी, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक शरद व्यास सहित गणमान्य नागरिक मौजूद रहें।
