जयपुर, 27 नवंबर। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) ने शुक्रवार को कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में राज्य ग्रामीण विकास कॉन्क्लेव 2026-27 का आयोजन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास थे जिन्होंने ग्रामीण विकास को विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए वित्तीय समावेशन, ऋण प्रवाह, महिला सशक्तीकरण एवं विभिन्न संस्थाओं के समन्वित प्रयासों पर जोर दिया।

मुख्य सचिव के संबोधन की मुख्य बातें

मुख्य सचिव ने जल सुरक्षा, जलवायु अनुकूलन, ग्रामीण संपर्क, नवीकरणीय ऊर्जा एवं कृषि अवसंरचना को ग्रामीण समृद्धि के प्रमुख आधार बताते हुए इनके प्रभावी उपयोग पर बल दिया। उन्होंने प्रतिभागियों से आर्थिक रूप से व्यावहारिक एवं सफल परियोजनाओं की पहचान कर उन्हें अन्य जिलों में भी अपनाने का आह्वान किया।

  • जल सुरक्षा एवं जलवायु अनुकूलन ग्रामीण समृद्धि के प्रमुख आधार हैं।
  • पीएम-कुसुम योजना, यमुना जल समझौता, संशोधित पार्वती-कालिसिंध-चम्बल लिंक परियोजना तथा जलागम विकास कार्यक्रमों को राज्य के विकास के महत्वपूर्ण संसाधन बताया।
  • राजीविका की सराहना की, ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

नाबार्ड के आकलन और उद्देश्य

नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. आर. रविबाबू ने बताया कि नाबार्ड द्वारा वर्ष 2027-28 के लिए राजस्थान की प्राथमिकता क्षेत्र ऋण क्षमता का आकलन 5.76 लाख करोड़ रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य राज्य की इस विशाल ऋण क्षमता को ठोस विकासात्मक गतिविधियों में परिवर्तित करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना एवं व्यावहारिक अनुशंसाएं तैयार करना है।

तकनीकी सत्रों में हुई चर्चा

कॉन्क्लेव के अंतर्गत चार तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इनमें राजस्थान में ऋण क्षमता एवं क्षेत्रवार अवसरों, अवसंरचना एवं जलवायु संबंधी राज्य की प्राथमिकताओं, जल सुरक्षा एवं जलवायु लचीलेपन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं मूल्य श्रृंखलाओं तथा कृषि प्रसंस्करण एवं बाजार संपर्क जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

सफलता की कहानियों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन

इस अवसर पर नाबार्ड द्वारा प्रकाशित पुस्तिका 'जल से जीवन - वाड़ी से खुशहाली तक : एलआरईडीपी एवं ट्राइब्स - सफलता की कहानियां' का विमोचन किया गया। साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS), किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), ऑफ-फार्म उत्पादक संगठनों (OFPOs) एवं स्वयं सहायता समूहों (SHGs) को सम्मानित किया गया।