राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) ने आगामी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए 15 खिलाड़ियों वाली अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की बागडोर अनुभवी तेज गेंदबाज दीपक चाहर को सौंपी गई है, जबकि बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार को उप-कप्तान बनाया गया है।
एलीट ग्रुप ए में जगह बनाने वाली राजस्थान टीम अपने सभी लीग मुकाबले मुंबई के मैदानों पर खेलेगी। चयनकर्ताओं ने टीम में अनुभव और युवा ऊर्जा का संतुलन बनाने का प्रयास किया है, जिसमें कई आईपीएल सितारे भी शामिल हैं।
राहुल चाहर की वापसी, खलील अहमद बाहर
लेग-स्पिनर राहुल चाहर को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है और वह इस बार भी राजस्थान के लिए ही मैदान पर उतरेंगे। हालांकि, चोट से जूझ रहे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद को टीम में जगह नहीं मिल पाई है। खलील चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते वक्त चोटिल हो गए थे और फिलहाल हैमस्ट्रिंग सर्जरी के बाद उबर रहे हैं।
राजस्थान टीम का पूरा शेड्यूल
- 14 नवंबर: उत्तर प्रदेश के खिलाफ (पहला मैच)
- 16 नवंबर: झारखंड के खिलाफ
- 18 नवंबर: चंडीगढ़ के खिलाफ
- 20 नवंबर: बड़ौदा के खिलाफ (डे-नाइट)
- 22 नवंबर: मिजोरम के खिलाफ
- 24 नवंबर: कर्नाटक के खिलाफ
- 26 नवंबर: बंगाल के खिलाफ (अंतिम लीग मैच)
चयनित 15 खिलाड़ियों की सूची
घरेलू टी20 टूर्नामेंट के लिए घोषित राजस्थान की टीम में दीपक चाहर (कप्तान), मानव सुथार (उप-कप्तान), महिपाल लोमरोर, कार्तिक शर्मा, राहुल चाहर, अभिजीत तोमर, अजय राज सिंह, कुणाल सिंह राठौड़, मुकुल चौधरी, रामनिवास गोलाडा, रोहन राजबहार, हिमांशु सिंह राणा, हनी प्रताप सिंह, हिमांशु नेहरा और अभिषेक मुंड को शामिल किया गया है।
