बारां, 26 नवंबर। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कार्य करने को कहा।
सड़क सुरक्षा के उपाय
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा सुधारों को लेकर जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हाईवे पर एक भी गड्ढा नहीं रहना चाहिए और दृश्यता बनाए रखने के लिए सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई करवाई जाए।
- एनएच-27 और एनएच-752 पर समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
- चिह्नित ब्लैक स्पॉट्स में त्वरित सुधार करने को कहा गया।
- राजमार्गों से आवारा पशुओं को हटाने और गलत दिशा में पार्किंग को रोकने के निर्देश दिए गए।
जिला कलेक्टर ने वाहन चालकों की सुविधा के लिए हाईवे पर नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और ट्रॉमा सेंटर के सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, एक संयुक्त हाईवे निरीक्षण दल गठित करने को कहा गया।
विशेष अभियान
कोहरे और रात्रि के समय होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने को कहा गया। स्कूल बसों और स्कूली बच्चों के परिवहन करने वाले वाहनों का सघन निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
अवैध वाहनों, ओवरलोड वाहनों और बिना रिफ्लेक्टर वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
शहरी यातायात व्यवस्था
शहरी यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए डीटीओ, नगर परिषद आयुक्त और यातायात पुलिस को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने को कहा गया। निजी बसों के अनधिकृत ठहराव, भारी वाहनों की आवाजाही, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
