बारां में जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा की पहल 'मिशन सामर्थ्य' से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को शहर जैसी तैयारी मिल रही है।
इस पहल के तहत कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों को अपने गाँव में ही प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी, करियर मार्गदर्शन और स्किल ट्रेनिंग दी जा रही है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं सामर्थ्य केन्द्र
पायलट प्रोजेक्ट के तहत 12 स्कूलों में सामर्थ्य केन्द्र स्थापित किए गए हैं। एनटीपीसी अन्ता ने सीएसआर मद से 10 लाख रुपये की सहायता दी है। इन केन्द्रों पर स्मार्ट टीवी, स्मार्ट बोर्ड, टू-वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम, साउंड सिस्टम, पावर बैकअप और निर्बाध वाई-फाई जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
प्रतिदिन 45-45 मिनट की दो नियमित कक्षाएं लगती हैं, जिनमें सामान्य अध्ययन, स्पोकन इंग्लिश एवं ग्रामर, रीजनिंग-मेंटल एबिलिटी, प्रतियोगी गणित और बेसिक कंप्यूटर स्किल की पढ़ाई करवाई जाती है।
- विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान को बढ़ाने के लिए स्थानीय स्तर पर 3000 प्रश्नों का प्रश्न बैंक तैयार किया गया है।
- उत्कर्ष कोचिंग संस्थान जोधपुर द्वारा रीजनिंग और मेंटल एबिलिटी का विशेष पाठ्यक्रम डिजाइन कर पढ़ाया जा रहा है।
बड़े अधिकारियों से सीधा संवाद
इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें बच्चे सीधे बड़े अधिकारियों से जुड़ रहे हैं। समय-समय पर सांसद बारां-झालावाड़, संभागीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, जिला कलक्टर सहित अन्य प्रशासनिक एवं न्यायिक अधिकारी ऑनलाइन संवाद कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
एनआईसी बारां के केंद्रीकृत कंट्रोल रूम से कक्षाओं की दैनिक मॉनिटरिंग हो रही है तथा निगरानी के लिए एक डेडिकेटेड पोर्टल भी विकसित किया जा रहा है।
आगे क्या
मिशन सामर्थ्य के तहत दिसंबर माह तक जिले में 100 सामर्थ्य केन्द्र स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में इस अभियान के माध्यम से 5000 विद्यार्थियों को नियमित ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी, 2000 युवाओं को आईएएस, आईपीएस व न्यायिक अधिकारियों से करियर मार्गदर्शन, 5000 बालिकाओं को विधिक साक्षरता तथा 1000 युवा उद्यमियों को स्किल ट्रेनिंग और वित्तीय सहायता के जरिए स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

