राजस्थान में फिलहाल ठंड के लिए लोगों को कुछ और दिन इंतजार करना पड़ेगा। प्रदेशभर में नवंबर के दूसरे हफ्ते के बाद सर्दी के तेवर तीखे होने के आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक, आगामी 15 नवंबर के बाद हवाओं के रुख में बदलाव आएगा। मैदानी इलाकों में उत्तरी हवाएं प्रवेश करेंगी, जिससे पश्चिमी राजस्थान में तापमान गिरेगा और ठंड में इजाफा होगा। इससे पहले राज्यभर में मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना जताई गई है।

प्रमुख शहरों का तापमान और हाल

बीते 24 घंटों के दौरान बाड़मेर में सबसे अधिक तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि जैसलमेर में पारा 36.6 डिग्री पर दर्ज हुआ। इसके विपरीत, शेखावाटी क्षेत्र के सीकर और फतेहपुर के अलावा सिरोही, उदयपुर और माउंट आबू में रात के वक्त ज्यादा ठंड महसूस की जा रही है।

  • सीकर: न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन में धूप खिली रही।
  • माउंट आबू: यहां बीती रात का न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
  • जयपुर: अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा। आसमान साफ है।
  • कोटा: अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात के तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।
  • अजमेर: अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
  • उदयपुर: अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
  • अलवर: अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जहां सुबह हल्की धुंध और ठंडक है।
  • जोधपुर: अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।