प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राजस्थान को राष्ट्रीय सम्मान दिया गया है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राजस्थान को 'स्वनिधि सम्मान अवॉर्ड-2026' प्रदान किया।

नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने यह सम्मान दिया।

रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में किए गए प्रयासों को सराहा

राजस्थान सरकार की ओर से आईएएस श्री प्रतीक चंद्रशेखर ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। यह सम्मान राजस्थान में पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को संस्थागत ऋण सुविधा उपलब्ध कराने, उनके वित्तीय समावेशन, डिजिटल लेनदेन को प्रोत्साहित करने और उनकी आजीविका को सुदृढ़ बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।