राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शासन सचिवालय में कोटा-बूंदी न्यू ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्य समानांतर रूप से संचालित कर निर्धारित समयावधि में पूरे करने के निर्देश दिए।

सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, कोटा-बूंदी ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण कार्य 4 अक्टूबर 2027 तक पूरा किया जाना प्रस्तावित है। मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि रनवे, टर्मिनल बिल्डिंग और एटीसी टावर जैसी आधारभूत संरचनाओं का निर्माण एक साथ आगे बढ़ाया जाए ताकि काम समय पर पूरा हो सके।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया एयरपोर्ट

इस एयरपोर्ट पर 20 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में पैसेंजर टर्मिनल बिल्डिंग बनाई जाएगी, जिसकी वार्षिक यात्री क्षमता 20 लाख होगी। यात्रियों की सुगमता के लिए यहाँ 14 चेक-इन काउंटर और 9 सेल्फ चेक-इन कियोस्क स्थापित किए जाएंगे।

  • एयरपोर्ट पर स्वचालित बैगेज हैंडलिंग सिस्टम और बैगेज क्लेम कैरोसेल की सुविधा होगी।
  • एटीसी व्यवस्था के लिए जी+3 मंजिला तकनीकी ब्लॉक और फायर स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है।
  • ऊर्जा जरूरतें पूरी करने के लिए 1 मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट लगेगा।
  • यात्रियों की आवाजाही के लिए 6 लेन की एप्रोच रोड और पार्किंग बनेगी।