सवाई माधोपुर जिला कलक्टर काना राम ने दीपावली के अवसर पर मंगलवार को जिला कलक्टर कार्यालय में स्थानीय पत्रकारों के साथ स्नेह-मिलन संवाद किया। इस अनौपचारिक मुलाकात के दौरान पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों और सामान्य प्रशासनिक गतिविधियों पर चर्चा की गई।

जिला कलक्टर ने जिले में बेहतर सामुदायिक और नागरिक सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं पर पत्रकारों से विमर्श किया और उनका फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि सवाई माधोपुर शहर और सम्पूर्ण जिले में बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के लिए नागरिकों के सुझावों का हमेशा स्वागत है।

पंचायती राज चुनाव और आगामी मतदान की तैयारियां

काना राम ने पत्रकारों को पंचायती राज संस्थाओं के तृतीय चरण के मतदान को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिकारियों और कर्मचारियों ने निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में मतदान कराया। चार पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं होने को उन्होंने टीम सवाई माधोपुर की सफलता बताया।

कलक्टर ने बताया कि जिले के शेष चार पंचायत समिति क्षेत्रों में आगामी 14 और 16 नवंबर को होने वाले मतदान के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, जिसकी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।