चूरू में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के दौरान निर्वाचन दायित्व में लापरवाही बरतने पर 24 कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार, मतदान दल गठन प्रकोष्ठ प्रभारी अधिकारी एवं सीईओ श्वेता कोचर ने बताया कि 02 नवंबर 2026 को आयोजित अंतिम प्रशिक्षण में ये कार्मिक बिना किसी पूर्व स्वीकृति के अनुपस्थित रहे थे। इसे राजकार्य के आदेशों की अवहेलना और पदीय दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही माना गया है।
तीन दिन में देना होगा स्पष्टीकरण
नोटिस प्राप्त होने के तीन दिवस के भीतर सभी संबंधित कार्मिकों को अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। तय समय में जवाब नहीं देने या संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने वाले इन कार्मिकों के विरुद्ध राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियन्त्रण एवं अपील) नियम 1958 के नियम 17 सीसीए के तहत कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं कार्मिकों की होगी।

