सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) और सैमसंग इंडिया इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड ने देश के युवाओं के लिए उद्योग-उन्मुख कौशल विकास को बढ़ावा देने हेतु एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता ज्ञापन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एवं विकास आयुक्त डॉ. रजनीश की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

यह समझौता शुरुआती तौर पर 3 वर्षों के लिए वैध रहेगा और इसे देश भर के 15 एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर्स में लागू किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को तकनीकी और व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है।

आपके काम की बात

इस सहयोग के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल फोन, घरेलू उपकरण, इंस्टॉलेशन, सर्विसिंग और मरम्मत के क्षेत्रों में राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचा (NSQF)-अनुपालन और उद्योग-उन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सैमसंग इसके लिए विशेष प्रशिक्षण, प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता प्रदान करेगा।

  • यह कार्यक्रम पहले वर्ष में 1,600 प्रशिक्षुओं को लक्षित करेगा।
  • सफल प्रशिक्षुओं को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से ₹12,000 प्रति माह के वजीफे के साथ तीन महीने की इंटर्नशिप मिलेगी।
  • पात्र महिला और दिव्यांगजन प्रशिक्षुओं को छात्रवृत्ति के माध्यम से सहायता दी जाएगी।