बूंदी जिले की गेण्डोली एवं फौलाई लिफ्ट सिंचाई परियोजना का जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना के तकनीकी कार्यों का जायजा लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने शेष बचे टेस्टिंग कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए ताकि सिंचित क्षेत्र में जल प्रवाह सुनिश्चित हो सके। उन्होंने जेवीवीएनएल वृत बूंदी के अधीक्षण अभियंता को पावर हाउस पर तुरंत तकनीकी स्टाफ तैनात करने को कहा, जो विद्युत सप्लाई की प्रभावी मॉनिटरिंग करेगा।
परियोजना की कार्यप्रणाली और सिंचाई व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान कलक्टर ने इंटेक वेल, पंप हाउस, सोलर प्लांट और पावर हाउस का अवलोकन किया। जल संसाधन खंड बूंदी के अधिशासी अभियंता शेर सिंह महला ने बताया कि परियोजना में 20 डिग्गियों के माध्यम से कुल 25000 बीघा भूमि को सिंचित किया जाना है।
किसानों की सुविधा के लिए प्रत्येक 50 बीघा पर एक आउटलेट दिया गया है, जिससे किसान स्प्रिंकलर से सिंचाई कर सकेंगे। वर्तमान में 9 डिग्गियों का टेस्टिंग कार्य पूरा हो चुका है और खेतों में जल प्रवाह शुरू कर दिया गया है।
