पालीघाट में चम्बल नदी में घड़ियालों के संरक्षण एवं उनकी प्राकृतिक आबादी को मजबूत बनाने की दिशा में वन विभाग द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। राष्ट्रीय चम्बल घड़ियाल अभयारण्य के पालीघाट में मंगलवार को 20 घड़ियाल हैचलिंग्स को रेडियो/वेरी हाई फ्रीक्वेंसी (VHF) टैग लगाकर उनके प्राकृतिक आवास चम्बल नदी में छोड़ा गया।

वैज्ञानिक पद्धति से संरक्षण की पहल

मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव एवं क्षेत्र निदेशक रणथम्भौर बाघ परियोजना शारदा प्रताप सिंह ने बताया कि यह पहल घड़ियाल पारिस्थितिकी परियोजना के तहत की जा रही है। इस वर्ष कुल 80 घड़ियालों की टैगिंग कर उन्हें तीन चरणों में प्राकृतिक आवास में पुनर्स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि रेडियो टेलीमेट्री तकनीक के माध्यम से छोड़े गए घड़ियालों के विचरण क्षेत्र, गतिविधियों, व्यवहार, प्राकृतिक आवास में अनुकूलन एवं उत्तरजीविता का वैज्ञानिक अध्ययन किया जाएगा। इससे घड़ियालों के जीवन-चक्र और चम्बल नदी की पारिस्थितिकी को समझने में मदद मिलेगी।

वैज्ञानिक देखरेख में हैचलिंग्स का पालन-पोषण

उप वन संरक्षक मानस सिंह ने बताया कि नवजात घड़ियालों को शुरुआती अवस्था में तेज जल प्रवाह, बाढ़, जंगली जानवरों एवं मछली पकड़ने के जाल जैसी चुनौतियों से सुरक्षित रखने के लिए पालीघाट स्थित रेयरिंग सेंटर में वैज्ञानिक पद्धति से उनका पालन-पोषण किया गया।

उन्होंने बताया कि पर्याप्त विकास होने और 75 सेंटीमीटर से अधिक लंबाई प्राप्त करने के बाद इन हैचलिंग्स को प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा रहा है, जिससे उनके जीवित रहने एवं प्राकृतिक वातावरण में अनुकूलन की संभावनाएं बेहतर हो सकें।

आधुनिक सुविधाओं से विकसित हो रहा रेयरिंग सेंटर

राजस्थान वानिकी एवं जैव विविधता विकास परियोजना के तहत पालीघाट स्थित घड़ियाल रेयरिंग सेंटर को आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है। यहां विशेष एनक्लोजर, बास्किंग प्लेटफॉर्म, जल फिल्ट्रेशन एवं पम्पिंग सिस्टम तथा सीसीटीवी निगरानी जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

आगे क्या

शेष हैचलिंग्स को फरवरी माह के अंत तक नदी में पुनर्स्थापित किया जाएगा।