केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओडिशा के बलांगीर में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत की। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की मौजूदगी में केंद्रीय मंत्री ने ओडिशा के गरीब परिवारों को तत्काल 5 लाख पक्के मकान देने का बड़ा ऐलान किया।

कार्यक्रम के दौरान बलांगीर में एक नए कृषि कॉलेज का शिलान्यास भी किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री व कृषि मंत्री कनक वर्धन सिंह देव, पंचायती राज एवं पेयजल मंत्री रवि नारायण नायक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग और सांसद संगीता कुमारी सिंह देव सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

आवास और लखपति दीदी योजना से जुड़ी घोषणाएं

केंद्रीय मंत्री ने आश्वस्त किया कि आवास के लिए सर्वे हो चुका है और चरणबद्ध तरीके से सभी पात्र गरीबों को पक्का मकान मिलेगा। इन मकानों पर सोलर पैनल लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सब्सिडी देगी, जिससे बिजली का बिल शून्य होगा और अतिरिक्त बिजली बेचकर कमाई की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि राज्य में 29 लाख बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं। साथ ही, सुभद्रा योजना के तहत मिलने वाली 10 हजार रुपये की राशि से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है।

अगले पांच वर्षों में देशभर की महिलाओं को लखपति बनाने के लिए बैंकों के माध्यम से 10 लाख करोड़ रुपये का लोन दिए जाने की बात कही गई। अब केवल समूहों को ही नहीं, बल्कि अकेले व्यापार शुरू करने वाली महिलाओं को भी बिना परेशानी के लोन मिलेगा। किसानों के लिए बलांगीर कृषि कॉलेज को देश का सर्वश्रेष्ठ संस्थान बनाने का वचन दिया गया है, जहां खेतों के ऊपर सोलर पैनल और नीचे खेती की योजना पर काम होगा। इसके अलावा, पीएम किसान सम्मान निधि के छूटे हुए पात्र किसानों के नाम भी सूची में जोड़े गए हैं।

पंचायतों के विकास और सड़कों के लिए राशि

विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत इस वर्ष ओडिशा को करीब 4000 करोड़ रुपये मिलने की जानकारी दी गई। इससे प्रदेश की हर पंचायत को सालाना 25 से 50 लाख रुपये और पांच साल में छोटी पंचायत को 1 करोड़ तथा बड़ी पंचायत को 2 करोड़ रुपये तक विकास कार्यों के लिए मिलेंगे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण में 1700 किलोमीटर सड़कों की स्वीकृति दी गई है। केंद्रीय मंत्री ने बलांगीर की लोक संस्कृति, नुआखाई और ढालखाई-रसरकेली नृत्य का भी उल्लेख किया।