जयपुर जिले में 14 नवंबर को चतुर्थ चरण के पंचायत चुनाव में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतदान संपन्न हुआ।

इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) जयपुर संदेश नायक ने बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी पंचायत समितियों के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मतदान का निरीक्षण

जिला निर्वाचन अधिकारी ने खोखावाला और भांगड़ कला के अलग-अलग मतदान केंद्रों पर पहुँच कर मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया।

वहाँ तैनात मतदान कार्मिकों से निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं, मतदान प्रक्रिया के संचालन तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना का निरीक्षण किया।

शांतिपूर्ण मतदान की सराहना

संदेश नायक ने चतुर्थ चरण के मतदान को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने में सहयोग देने के लिए बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी पंचायत समितियों के समस्त मतदाताओं, आमजन, जनप्रतिनिधियों एवं निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कार्मिकों का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग एवं सक्रिय भागीदारी से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

आगामी चरण

उल्लेखनीय है कि चतुर्थ चरण के तहत इन चारों पंचायत समितियों में पंच एवं सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को मतदान होगा तथा उपसरपंच का चुनाव 17 नवंबर को होगा।

इस विषय पर और पढ़ें