बूंदी जिले के दबलाना पंचायत समिति क्षेत्र स्थित धोवड़ा ग्राम पंचायत के मतदान केंद्र पर मतदाताओं में विशेष उत्साह दर्ज किया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अनुसार, 14 नवंबर को यहां एक ही परिवार की सास-बहू और देवरानी-जेठानी ने एक साथ पहुंचकर मतदान किया।
मतदान केंद्र पर 86 वर्षीय बुजुर्ग महिला नंदू बाई अपनी बहू मथरा बाई के साथ वोट डालने पहुंचीं। इसी केंद्र पर जमना बाई ने अपनी सास भुला बाई के साथ पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके साथ ही पारा बाई और कैलाश ने भी अपने वोट का इस्तेमाल किया।
पहली बार वोट डालने पहुंचीं मोनिका कुमारी
सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, परिवार की वरिष्ठ महिलाओं के अलावा युवा मतदाताओं में भी भागीदारी को लेकर उत्साह रहा। नवमतदाता मोनिका कुमारी ने इसी मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने जीवन का पहला वोट डाला।
एक ही केंद्र पर बुजुर्ग महिलाओं, पारिवारिक सदस्यों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की उपस्थिति ने मताधिकार के प्रति सकारात्मक माहौल बनाया।
